By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 27, 2021
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए उसे “जुमला (बयानबाजी करने वाली) पार्टी” करार देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में वह देश भर में भाजपा को हराएंगी।
मुख्यमंत्री 30 सितंबर को भवानीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर प्रचार के तहत इस जनसभा को संबोधित कर रही थीं।ममता इस सीट से उपचुनाव में टीएमसी की प्रत्याशी हैं। ममता ने कहा, “भाजपा देश की सबसे बड़ी जुमला पार्टी है। यह केवल झूठ और नफरत फैलाने का काम करती है। यदि आप उनके खिलाफ बोलते हैं, तो वे आपके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों को खड़ा करेंगे। भाजपा एक नाचने वाले ड्रैगन की पार्टी हैं, जो सीएए, एनआरसी और एनपीआर के नाम पर नागरिकता की सूची से आपका नाम हटा देंगे।”
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी अब बंगाल तक सीमित नहीं रहेगी और अखिल भारतीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक रूप से तैयार है।