मतदाताओं को धमकाने के लिए गुंडों की मदद ले रही है भाजपा : ममता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 22, 2021

कोतुलपुर/इंडस (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को ‘‘नि:शुल्क’’ चावल और दालें देने के वादे को लेकर भाजपा पर निधाना साधते हुए सोमवार को कहा कि भगवा दल चुनाव से पहले ‘‘बड़े-बड़े वादे’’ करता है, लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं करता। बनर्जी ने बांकुड़ा जिले के कोतुलपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने ‘‘लोगों को धमकाने के लिए गुंडे बुलाए हैं। ये गुंडे आपके घर आकर हाथ जोड़कर महिलाओं से वोट मांग सकते हैं।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘भाजपा के नेता चुनाव से पहले झूठ बोलते हैं। वे चावल, दालें, चाकरी (नौकरी) और हर चीज का वादा करेंगे, लेकिन चुनाव के बाद वे नजर नहीं आएंगे। मैं जानना चाहती हूं कि (2014 लोकसभा चुनाव से पहले) हर नागरिक के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपए जमा कराने के पार्टी के वादे का क्या हुआ।’’ बनर्जी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यदि ये लोग आपको अप्रत्यक्ष रूप से धमकाते हैं तो उन्हें खदेड़ने के लिए अपने घरों के बरतन हाथों में लेकर तैयार रहें।’’ बनर्जी ने आरोप लगाया कि पार्टी ने ‘‘मतदाताओं को लूटने’’ के लिए बाहर से गुंडे बुलाए हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के भाजपा के वादे पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘वे विभिन्न मंचों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए कदम नहीं उठा सके।’’ 

इसे भी पढ़ें: बांकुरा में ममता सरकार पर बरसे पीएम मोदी, कहा- बंगाल में असली परिवर्तन लाकर दिखाएगी भाजपा

बनर्जी ने कहा, ‘‘इसके विपरीत, तृणमूल ने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं को पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिले। इसके अलावा संसद में तृणमूल की 40 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिन राज्यों में सत्ता में है, वह उन राज्यों में महिलाओं के लिए आदेश जारी कर रही है कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या खाना चाहिए। बनर्जी ने कहा, ‘‘वे (भगवा दल के नेता) ये आदेश देते हैं कि किसी को साड़ी पहननी चाहिए या कोई और परिधान पहनना चाहिए। वे फैसला करते हैं कि गर्भवती महिला को अंडे खाने चाहिए या नहीं।’’ उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो वह एनपीआर और एनआरसी को लागू कर देगी और इन रजिस्टर से असल नागरिकों के नाम हटा देगी। बनर्जी ने कहा, ‘‘पार्टी भारत का इतिहास और भूगोल बदलना चाहती है... वे अपनी इच्छानुसार शैक्षणिक संस्थानों के नाम बदलते हैं। गुजरात में एक स्टेडियम का नाम प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर रखा गया। एक दिन वे हमारे देश का नाम ही बदल देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जल्द ही नरेंद्र मोदी को (बी आर) आम्बेडकर, यहां तक कि (रवींद्रनाथ) टैगोर से भी बड़ी हस्ती के रूप में पेश किया जाएगा।’’ बनर्जी ने बंगाल को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के भाजपा के संकल्प पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘हमें अब भी ‘पीएम केयर्स फंड’ के तहत खर्च किए गए धन की जानकारी नहीं मिली है। विनिवेश की आड़ में क्या चल रहा है, यह किसी से छुपा नहीं है। दूसरी ओर, मैं वेतन के रूप में एक भी पैसा नहीं लेती हूं।’’ 

प्रमुख खबरें

अक्टूबर में GST Collection 23 प्रतिशत उछलकर 2.31 लाख करोड़ रुपये पहुंचा

Congress MP Bimol Akoijam पर हमलों से Manipur BJP में बेचैनी, दांव उलटा पड़ने की चिंता

भतीजे Vidit Olak को खोकर टूटे Yo Yo Honey Singh, Instagram पर साझा किया भावुक संदेश

विपक्ष जनादेश न मिलने से हताश, BJP नेता Nitin Nabin ने Rohtak में साधा निशाना