By अंकित सिंह | Apr 01, 2021
मशहूर फिल्म अभिनेत्री और चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा है। इसका खुलासा तब हुआ जब चंडीगढ़ के भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एक संवाददाता सम्मेलन में किरण खेर की लंबी गैरमौजूदगी के बारे में बात की। किरण खेर पर यह आरोप लग रहे है कि वह लगातार अपने संसदीय क्षेत्र चंडीगढ़ से गायब हैं। कांग्रेस ने उन पर यह भी आरोप लगाया कि किरण खेर विकास के काम को लेकर होने वाली बैठक में भी शामिल नहीं होती हैं। हालांकि, दूसरी ओर अरुण सूद ने कहा कि किरण खेर पिछले साल दिसंबर तक चंडीगढ़ लगातार आती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नवंबर में किरण खेर के हाथ में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान किरण खेर के कैंसर से पीड़ित होने का भी पता चला। इसके बाद उन्हें एअरलिफ्ट से मुंबई ले जाया गया। कुछ दिनों तक उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वे अस्पताल में भर्ती नहीं है लेकिन इलाज के लिए उन्हें रोज अस्पताल जाना पड़ता है।
आपको बता दें कि किरण खेर 2014 में भाजपा में शामिल हुईं थी और उन्होंने लोकसभा चुनाव चंडीगढ़ से लड़ा था। कड़े मुकाबले में किरण खेर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन बंसल और आम आदमी पार्टी की गुल पनाग को हराया था। 2019 में भी किरण खेर संसद पहुंचने में कामयाब रहीं जहां उन्होंने लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल को हराया था। कोरोना महामारी के दौरान भी चंडीगढ़ में किरण खेर के गुमशुदा होने की पोस्टर लगाए गए थे। कांग्रेस ने लगातार आरोप लगाया है कि वे अपने संसदीय क्षेत्र से बाहर ही रहती हैं। उनके बचाव में अरुण सूद ने यह भी कहा कि किरण खेर सीनियर सिटीजन है और डायबिटिक हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्हें घर से बाहर न निकलने की डॉक्टर की ओर से सलाह दी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीमार होने के बावजूद किरण हमारे संपर्क में रही हैं और शहर से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर लगातार चर्चा करती रही हैं।
आपको बता दें कि किरण खेर बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियों में से एक हैं। उनकी पहली फिल्म पेस्तोंजी 1988 में आई थी। उन्होंने सरदारी बेगम और बारीवाली/द लेडी ऑफ द हाउस के लिए 2 नेशनल अवार्ड भी जीते हैं। उनके प्रसिद्ध फिल्मों में देवदास, veer-zaara, ओम शांति ओम और खूबसूरत शामिल है। किरण खेर ने अपनी पहली शादी उद्योगपति गौतम बैरी से की थी जिनसे उनका एक बेटा सिकंदर है। बाद में अनुपम खेर से नजदीकियां बढ़ी और बैरी से तलाक लेने के बाद किरण ने अनुपम से शादी कर ली। दोनों को कोई संतान नहीं है लेकिन सिकंदर अपनी मां के साथ ही रहते हैं और अनुपम खेर सिकंदर को सगे बेटे की ही तरह प्यार करते हैं।