By अंकित सिंह | Oct 08, 2026
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर अराजक मानसिकता रखने का आरोप लगाया और कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। नवीन ने चुनाव आयोग की आलोचना करने पर राहुल गांधी से सवाल किया और कहा कि इसी चुनाव आयोग ने केरल और तमिलनाडु में चुनाव कराए थे। ANI के मुताबिक, नवीन ने कहा कि अगर उनमें हिम्मत है, तो राहुल गांधी को सबसे पहले अपना इस्तीफा देना चाहिए!
चुनाव के मौसम के बारे में पूछे जाने पर नबिन ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता पूरे साल सक्रिय रहते हैं। ANI के मुताबिक, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता 24x7 काम करता है। उनके लिए हर दिन काम का दिन होता है और हर दिन चुनाव का दिन होता है। हम उन लोगों में से नहीं हैं जो सिर्फ़ चुनाव के मौसम में ही दिखाई देते हैं। बुधवार को वाराणसी में 'सेवा संकल्प यात्रा' के समापन समारोह के दौरान, नितिन नवीन ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची के 'विशेष गहन संशोधन' (SIR) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की भूमिका की आलोचना की।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे। सभा को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि इस देश के विपक्ष के नेता अराजकता के माहौल में असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मैं उनसे साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि भारत की जनता उनके मकसद और इरादे को कभी भी हकीकत नहीं बनने देगी।