By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 01, 2026
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग और सरकार पर राहुल गांधी के हमले की आलोचना करते हुए उन्हें “भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा धोखेबाज” और “अप्रामाणिक राजनेता” करार दिया, साथ ही आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठ और गलत सूचनाओं के सहारे राजनीति करते हैं। यहां भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव चंद्रशेखर ने कहा, “राहुल गांधी न तो धर्मनिरपेक्षता के रक्षक हैं और न ही संविधान के। वह केवल अपने परिवार के हितों के रक्षक हैं।” भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “देशद्रोही” कहना उनकी “फर्जी और अप्रामाणिक राजनीति” का “चरम उदाहरण” है, जिसका उद्देश्य लोगों को गुमराह करना है।
इस पर पलटवार करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, “राहुल गांधी भारतीय राजनीति के सबसे बड़े धोखेबाज हैं। वह एक अप्रामाणिक राजनेता हैं, जो किसी सकारात्मक एजेंडे के बिना झूठ और गलत सूचनाओं के सहारे राजनीति करते हैं।” चंद्रशेखर ने कहा, “वह एडोल्फ हिटलर के प्रचार मंत्री जोसेफ गोएबल्स के सिद्धांत के जीवंत उदाहरण हैं।” भाजपा नेता ने कहा, “गांधी ने दावा किया था कि ईवीएम को व्यवस्थित तरीके से हैक किया गया। यह गलत साबित हुआ।
उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की चोरी हो रही है। यह भी बार-बार गलत साबित हुआ, खासकर तब जब उनकी पार्टी चुनाव जीत रही थी।