By रेनू तिवारी | Oct 01, 2026
Top 10 Breaking News 1 October 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
Merchant Navy Officer Murder | 'साथ नहीं रहना था तो छोड़ देती, टुकड़े क्यों किए?' अदालत परिसर में फफक-फफक कर रोई मां, 15 दिन बाद तय होगा हैवानों का अंजाम!
देशभर में सनसनी फैलाने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत हत्याकांड में मेरठ की जिला अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया है। हत्या के इस खौफनाक मामले में 126 पेशियों और 22 गवाहों की सुनवाई के बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाया। सजा की अवधि पर अदालत 15 दिन बाद आदेश जारी करेगी। यह दिल दहला देने वाली वारदात मार्च 2025 में अंजाम दी गई थी, जब मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ की निर्मम हत्या की, उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े किए और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्हें एक नीले ड्रम में रखकर ऊपर से सीमेंट भर दिया था।
IMD ने जारी किए आंकड़े, इस साल Monsoon में सामान्य से 13 फीसदी कम दर्ज हुई बारिश
भारत में जून से सितंबर के बीच इस साल दीर्घावधि औसत (एलपीए) की 87.4 प्रतिशत बारिश हुई, जो 2001 के बाद मानसून के मौसम में चौथी सबसे कम बारिश है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा कि इस मानसून में बारिश की कमी का एक प्रमुख कारण उष्णकटिबंधीय प्रशांत क्षेत्र में जून में उभरी अल नीनो की स्थिति थी, जो उसके बाद से मजबूत होती गई।
सचिन पायलट की सीक्रेट रिपोर्ट और राजा वडिंग की विदाई! जानिए कैसे 3 महीने के भीतर बदल गई पंजाब कांग्रेस की पूरी बिसात?
पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले सूबे की राजनीति से जुड़ी इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले कई महीनों से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वडिंग के बीच जारी वर्चस्व की जंग और तीव्र गुटबाजी के बाद आखिरकार केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप पर यह बड़ा फैसला लिया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
आधी रात को बड़ा उपद्रव! BJP हेडक्वार्टर पर पथराव, कांग्रेस से आर-पार की जंग, अमित शाह के दौरे से क्यों सुलगी केरल की राजनीति?
केरल की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बुधवार देर रात तिरुवनंतपुरम स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश मुख्यालय 'मारारजी भवन' पर अज्ञात हमलावरों ने पत्थर और कांच की बोतलें फेंककर हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना से कुछ घंटे पहले ही बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी.के. कृष्णदास की गाड़ी पर भी हमला किया गया था। बीजेपी ने इन हमलों के विरोध में पूरे केरल में बड़े पैमाने पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन (Statewide Protest) का आह्वान किया है। भौगोलिकसंदर्भ
UP पुलिस SI भर्ती पर हाई कोर्ट का बड़ा चाबुक! नियुक्ति पत्र बांटने पर रोक, आंसर की के 'खेल' से फंसा 12 हजार युवाओं का भविष्य!
उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती 2025 में एक नया मोड़ आ गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपने की तैयारियाँ चल ही रही थीं कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नियुक्ति पत्र जारी करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। कोर्ट के इस कड़े आदेश के बाद फिलहाल के लिए पूरी भर्ती प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है। यह ऐतिहासिक आदेश जस्टिस अनीस कुमार गुप्ता की एकल पीठ ने श्याम सुंदर, कमलेश यादव और यश पांडे सहित 44 अन्य उम्मीदवारों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दिया। मामले की अगली सुनवाई अब 5 अक्टूबर को तय की गई है।
Rahul Gandhi ने ECI और TCS पर उठाए सवाल, Form 6 में बदलाव पर पूछा किसने दिया आदेश
वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (SIR) को लेकर मची अफरातफरी के बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार (1 अक्टूबर) को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) से सवाल किया कि वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले ऑनलाइन 'फॉर्म 6' में बदलाव करने की इजाज़त किसने दी और क्या इन बदलावों को लागू करने के लिए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) पर दबाव डाला गया था।
Special NIA Court का आदेश, यासीन मलिक समेत 6 अन्य लोगों के खिलाफ PMLA के तहत आरोप तय
एनआईए की एक विशेष अदालत ने अलगाववादी नेता यासीन मलिक और छह अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप तय करने का आदेश दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने हवाला चैनलों के ज़रिए पाकिस्तानी और विदेशी फंड का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों को फाइनेंस करने के लिए किया। 9 सितंबर को जारी और गुरुवार को उपलब्ध कराए गए एक आदेश में, अदालत ने कहा कि प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 3 के तहत अपराध (जिसके लिए धारा 4 के तहत सज़ा का प्रावधान है) के लिए सभी सात आरोपियों के खिलाफ़ मज़बूत संदेह पैदा करने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद थी।
UPSC Centenary पर PM Modi बोले, युवाओं के भविष्य के लिए समय पर पूरी हों भर्ती परीक्षाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) से कहा है कि वह अपनी परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में चल रहे सुधारों को लागू करे। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि परीक्षाओं का युवा उम्मीदवारों के भविष्य पर सीधा असर पड़ता है और चेतावनी दी कि देरी से बड़ी मुश्किलें आ सकती हैं। 1 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में UPSC के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए, PM मोदी ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं को देश की बदलती ज़रूरतों के हिसाब से खुद को ढालना चाहिए और समय की निश्चितता के सिद्धांत का पालन करना चाहिए।
Flydubai Mid Air Emergency | 34,000 फुट की ऊंचाई पर हवा में हाईजैक जैसा ड्रामा! खून से लथपथ भारतीय पायलट ने बचाई 174 जानें, PM Modi और नेतन्याहू ने कहा- 'रियल हीरो'
दुबई से तेल अवीव जा रही 'फ्लाईदुबई' (Flydubai) की उड़ान FZ1073 में हवा में 34,000 फुट की ऊंचाई पर मौत का भयानक नंगा नाच देखने को मिला। विमान के सह-पायलट ने कथित तौर पर प्लेन को क्रैश करने की नाकाम कोशिश की। इस दौरान भारतीय मुख्य कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने अदम्य साहस दिखाते हुए हमलावर सह-पायलट का डटकर मुकाबला किया और 27 बच्चों समेत 174 यात्रियों की जान बचा ली। विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से गिरकर 17,000 फुट पर आ गया था, जिसे बाद में सऊदी अरब के तबूक शहर में आपातकालीन लैंडिंग कराकर सुरक्षित उतारा गया।
Afghanistan Earthquake | धराशायी होने से बाल-बाल बचा अफगानिस्तान! हिंदू कुश में 126 KM नीचे हिली धरती, 5.3 की तीव्रता से कांपे लोग
गुरुवार तड़के जब दुनिया सोकर उठ ही रही थी, तभी अफगानिस्तान की धरती में अचानक एक भयानक हलचल हुई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, गुरुवार सुबह 6:59:20 बजे (IST) अफगानिस्तान का हिंदू कुश इलाका 5.3 की तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल उठा। भूकंप का केंद्र काबुल से लगभग 165 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में 35.981 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 68.700 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप का केंद्र जमीन से 126 किलोमीटर गहराई (Deep Focus Earthquake) में था, जिसके कारण सतह पर बड़े पैमाने पर तबाही होने से बच गई।