By अंकित सिंह | Apr 18, 2022
साल के आखिर में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव होने है। दोनों ही राज्यों में अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी पहले ही चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। दोनों ही राज्यों का अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान दौरा कर चुके हैं। अब तक जिन राज्यों में आम आदमी पार्टी चुनाव के लिए जाती हैं, वहां मुक्त बिजली का वादा जरूर करती हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि अब राज्य में 125 यूनिट तक बिजली फ्री में दी जाएगी। जयराम ठाकुर के मुताबिक अब तक 60 यूनिट बिजली मुफ्त में दी जाती थी। पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से महिलाओं के लिए भी कई बड़े वादे किए गए थे। इसके अलावा दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं को बसों में मुफ्त टिकट की सुविधा दी है।
हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने साफ तौर पर कह दिया है कि आम आदमी पार्टी का राज्य में कोई अस्तित्व नहीं है। जो थोड़े बहुत लोग आम आदमी पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए थे, वे सभी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम दिल्ली मॉडल क्यों अपनाएंगे, हमारा हिमाचल प्रदेश में अपना मॉडल है। हम तो दूसरे राज्यों को मुफ्त में बिजली देते हैं। ऐसे में हमने अपने राज्य में भी बिजली मुफ्त में देने का ऐलान किया है। भाजपा के हिमाचल प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने भी दावा किया है कि सरकार और संगठन के बीच बहुत अच्छा तालमेल है और जनहित की नीति के आधार पर ही भाजपा चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में डबल इंजन की सरकार है, वहां का विकास काफी तेजी से हो रहा है।