Mallikarjun Kharge के बयान पर BJP का पलटवार, जारी किया मोदी कहीं नहीं जाएगा गीत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई ‘बाप’ वाली टिप्पणी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपना अभियान तेज करते हुए एक गीत जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे क्योंकि जनता ने ‘‘उन्हें चुना‘‘ है। भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने ‘एक्स’ और ‘इंस्टाग्राम’ जैसे सोशल मीडिया मंचों पर इस मुद्दे को लेकर पोस्ट साझा किए। इन पोस्ट में यह गीत साझा किया गया जिसमें मोदी की विभिन्न तस्वीरें दिखाई गई हैं।

रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान जब एक व्यक्ति ने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’’ तो खरगे ने जवाब दिया, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा।’’ उनकी इस टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया था। खरगे ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह टिप्पणी की। इस बीच, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर राहुल गांधी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर देश में ‘‘वोट चोरी’’ में शामिल होने का आरोप लगाया।

गांधी ने कहा कि ये लोग जनता से डरे हुए हैं और अंततः पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी के सामने सबूत रख दिए हैं और ये लोग कहीं भाग नहीं सकते। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र की सरकारों पर वोट चोरी का आरोप लगाया।

खरगे ने कहा कि पार्टी इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी, उनकी पोल खोलेगी और उन्हें जेल भिजवाएगी। दोनों दलों के बीच यह जुबानी जंग ऐसे समय में तेज हुई जब विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की एक नवंबर को रामलीला मैदान में ‘दिल्ली चलो’ रैली प्रस्तावित है। गठबंधन ने ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ इसे अपनी ‘‘सबसे बड़ी’’ रैली बताया है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की यह रैली मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ उसके विरोध प्रदर्शनों की श्रृंखला का हिस्सा है।

प्रमुख खबरें

Delhi के रोहिणी में RSS का राष्ट्र वंदनम कार्यक्रम, मोहन भागवत देंगे संबोधन, QR कोड से होगी एंट्री

Indian Air Force की Sarang टीम नवा रायपुर में 2 नवंबर को दिखाएगी हैरतअंगेज हवाई करतब

APSEZ का दूसरी तिमाही मुनाफा 18 फीसदी बढ़ा, कुल आय 11,609 करोड़ रुपये पहुंची

UNSC में Austria के अस्थायी सदस्य बनने पर जयशंकर ने दी बधाई, सहयोग बढ़ाने पर जोर