भाजपा को राजग की तभी याद आई जब 26 विपक्षी पार्टियां एक साथ आईं : शिवसेना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 19, 2023

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की याद तभी आई जब 26 विपक्षी पार्टियां मिलकर ‘इंडिया’ समूह बनाने के लिए एकसाथ आ गईं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) की अगली बैठक मुंबई में होगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का यह गठबंधन बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ देश में ‘‘तानाशाही’’ को हराएगा। राउत ने कहा, ‘‘आपको राजग की याद तब आई है जब हम 26 (विपक्षी) पार्टियां देश के लिए ‘इंडिया’ बनकर पटना और बेंगलुरु में एक साथ आईं। इन बैठकों के बाद ही आपका कमल (भाजपा का पार्टी चिह्न) खिलना शुरू हुआ।’’ उन्होंने कहा कि अगला प्रधानमंत्री कौन होगा इसका फैसला ‘इंडिया’ करेगा। राजग का हिस्सा रही 38 पार्टियों के नेता मंगलवार को दिल्ली में मिले।

बेंगलुरु में मंगलवार को हुई 26 विपक्षी पार्टियों की बैठक में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) भी शामिल थी। बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन को ‘इंडिया’ नाम देने पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। पहले इस गठबंधन का नाम ‘‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव एलायंस’’ (इंडिया) रखने का विचार था, लेकिन कुछ नेताओं का तर्क था कि ‘डेमोक्रेटिक’ शब्द रखने से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले ‘नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस’ (राजग) का भाव आता है। इसके बाद ‘डेमोक्रेटिक’ के स्थान पर ‘डेवलपमेंटल’ किया गया।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

IPL 2026 से पहले नेहल वढेरा का संकल्प, फाइनल की हार से सीखा बड़ा सबक

Global Cues ने बिगाड़ा खेल, Sensex में 1000 अंकों की भारी गिरावट, IT-Metal Stocks धड़ाम

T20 World Cup में Italy का बड़ा उलटफेर, Nepal को 10 विकेट से रौंदकर रचा इतिहास

Winter Olympics में Remembrance Helmet पर बवाल, यूक्रेनी एथलीट Heraskevych अयोग्य घोषित