By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने बुधवार को अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के इलाके में सड़क निर्माण की आलोचना करने के लिए पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए उनसे राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक भावनाओं को मुद्दा न बनाने को कहा। इसके विपरीत, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष मनीष साहनी ने यहां पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इलाके के पास कथित तौर पर पहाड़ काटे जाने के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल रोकने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील के पास हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक खुदाई मशीन काम करती दिखाई दे रही थी। इस घटना से आक्रोश पैदा हो गया। शेषनाग झील एक उच्च जोखिम वाली हिमनद झील है।
राजनीतिक दलों, धार्मिक नेताओं और पर्यावरणविदों ने अमरनाथ गुफा मार्ग पर चल रही गतिविधियों को तत्काल रोकने की मांग की है। इससे पहले पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा ने कहा, ‘‘विकास के नाम पर यह हमारी नाजुक पारिस्थितिकी पर हमला है। इससे शेषनाग झील का पारिस्थितिकी तंत्र और अमरनाथ यात्रा, दोनों खतरे में पड़ रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि उमर अब्दुल्ला सरकार ने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इलाके तक सड़क बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ हुए समझौता ज्ञापन को आगे बढ़ाया है।
हालांकि, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोमवार को कहा था कि अमरनाथ यात्रा के बाद किए जा रहे कार्य सभी लागू सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण संबंधी उपायों का पालन करते हुए किए जा रहे हैं। शर्मा ने सड़क निर्माण कार्य की आलोचना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘‘तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर होने वाले विकास कार्यों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और किसी की भी धार्मिक आस्था में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा पर राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक मुद्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने कहा कि फैसले राजनीतिक बयानों के बजाय तकनीकी रिपोर्टों और विशेषज्ञों के आकलन के आधार पर लिए जाने चाहिए। शर्मा ने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू कश्मीर की स्थिति में सुधार हुआ है और पहलगाम की घटना के बाद यह क्षेत्र धीरे-धीरे फिर से पर्यटन की गति हासिल कर रहा है। पीडीपी के चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि विधानसभा में पार्टी की ताकत 28 सीटों से घटकर तीन सीटों पर आ गई है।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व को सलाह दी कि ऐसे बयान देने से बचे, जिनसे लोग उससे और दूर हो सकते हैं। इस बीच, साहनी ने 11,730 फुट की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील के पास भारी मशीनों के कथित इस्तेमाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे साहनी ने हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र, धार्मिक भावनाओं और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि उचित पर्यावरणीय प्रभाव आकलन और आपदा जोखिम अध्ययन के बिना पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण कार्य के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साहनी ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी प्रशासन का रुख स्पष्ट करने और शिवसेना कार्यकर्ताओं तथा हिंदू नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को शेषनाग जाने की अनुमति देने की मांग की, ताकि वे मौके पर जाकर स्थिति का आकलन कर सकें। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर का उल्लेख करते हुए साहनी ने कहा कि पहले विकास के नाम पर तीर्थयात्रा के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
अब रोपवे परियोजनाओं के जरिए चरण पादुका, बाणगंगा और अर्धकुंवारी जैसे पवित्र स्थलों को दरकिनार किया जा रहा है और उन्हें ‘पिकनिक स्थल’ तक सीमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘शिवसेना किसी भी कीमत पर धार्मिक आस्था और हिमालय के साथ इस तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।’’