By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 29, 2022
पणजी। कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने वर्ष 2012 का गोवा विधानसभा चुनाव जीतने के लिए उसके नेताओं पर अवैध खनन में शामिल होने के झूठे आक्षेप लगाए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने कहा कि भाजपा अपने झूठे आरोपों के लिए माफी मांगे। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा शासित राज्य सरकार पिछले एक दशक के दौरान कोई भी ‘घोटाले की रकम’ वसूलने में नाकाम रही है। पणजी में संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष चोडनकर ने कहा कि भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार और इसके नेताओं पर खनन घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि इससे सरकारी खजाने को 35 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है।
वर्ष 2011 में विवादित पीएसी रिपोर्ट में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाये गये थे। इस रिपोर्ट को पीएसी के तत्कालीन प्रमुख, भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष मनेाहर पर्रिकर ने तैयार किया था।