जिन्ना की सराहना करने पर भाजपा ने अखिलेश यादव को घेरा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 01, 2021

लखनऊ|  भारतीय जनता पार्टी ने पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल मोहम्मद अली जिन्ना की सराहना करने पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख व उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तीखी आलोचना की।

इसे भी पढ़ें: कानपुर में तीन और लोगों में हुई जीका वायरस संक्रमण की पुष्टि

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने रविवार को अखिलेश यादव का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर भी इनको अपने आदर्श जिन्‍ना याद आ ही गए।

भारतीय जनता पार्टी के राज्‍यसभा सदस्‍य और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने एक वीडियो जारी कर कहा सपा मुखिया अखिलेश यादव ने लौह पुरुष की तुलना जिन्ना से की है, अखिलेश यादव को पहले इतिहास पढ़ लेना चाहिए।

जिन्ना ने हजारों हिंदुओं का कत्लेआम कराया और वह देश के बंटवारे के जिम्मेदार हैं। भाजपा सांसद ने कहा अखिलेश यादव जी सरदार पटेल की जयंती के एक दिन पहले आपके पिता जी (मुलायम सिंह यादव) ने 30 अक्टूबर, 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी, मां सरयू का आंचल लाल हो गया था।

यादव को लक्ष्य कर उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण में इतना नीचे मत गिरो। उल्लेखनीय है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को हरदोई की एक जनसभा में मोहम्मद अली जिन्ना की, भारत की आजादी के लिए उनके योगदान की सराहना की थी।

सपा प्रमुख ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और (मोहम्मद अली) जिन्ना ने एक ही संस्थान से पढ़ाई की और बैरिस्टर बने और उन्होंने आजादी दिलाई।

उन्हें आजादी के लिए किसी भी तरीके से संघर्ष करना पड़ा होगा तो पीछे नहीं हटे। उन्होंने राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ का नाम लिए बिना कहा अगर कोई विचारधारा (आरएसएस की) है जिस पर प्रतिबंध लगाया गया था तो वह लौह पुरुष सरदार पटेल थे जिन्होंने प्रतिबंध लगाने का काम किया था।

इसे भी पढ़ें: सरकार पूरी जिम्मेदारी से प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण कर रही है : योगी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा आज, जो लोग देश को एकजुट करने की बात कर रहे हैं, वे आपको और मुझे जाति और धर्म के आधार पर विभाजित कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Amravati Hospital Fire: एनआईसीयू में आग से 3 नवजातों की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मत हो उदास, त्यौहारों में बरकरार रखेगी मिठास, ISMA का बड़ा बयान- देश में चीनी की कोई कमी नहीं, जल्‍द कीमतें कम होंगी

Amravati NICU Fire: नर्सों ने बचाई 36 नवजातों की जान, हादसे में 3 की मौत

Maharashtra Marathi Controversy: ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों के साथ नहीं होगा अन्याय, CM Fadnavis ने दिया बड़ा भरोसा