हिंदुत्व के बारे में खुर्शीद के बयानों पर भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 12, 2021

नयी दिल्ली|  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा अपनी नयी पुस्तक में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी समूहों बोको हराम और आईएसआईएस जैसे आतंकवादी संगठनों के जिहादी इस्लाम से करने को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दल ने न केवल हिंदुओं, बल्कि भारत की आत्मा को आहत किया है।

इसे भी पढ़ें: घर पर लड़का है, पर लड़ नहीं सकता: ईरानी ने प्रियंका के नारे पर किया कटाक्ष

वकील विवेक गर्ग के मुताबिक खुर्शीद ने अपनी पुस्तक ‘‘सनराइज ओवर अयोध्या: नेशनहुड इन आवर टाइम्स’’ में लिखा है, ‘‘साधुओं एवं संतों के लिए जाने जाने वाले सनातन धर्म और खालिस हिंदूवाद (क्लासिकल हिन्दुइज्म) को हिंदुत्व के एक असभ्य रूप द्वारा एक तरफ धकेला जा रहा है, सभी मानदंडों पर यह राजनीतिक संस्करण हाल के वर्षों के आईएसआईएस और बोको हराम जैसे समूहों के जिहादी इस्लाम के जैसा है।’’

भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अयोध्या पर खुर्शीद की पुस्तक लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘किताब के एक चैप्टर ‘द सेफ्रन स्काई’ में पृष्ठ संख्या 113 पर बोको हराम और आईएसआईएस जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से हिंदुत्व की तुलना की गई है। यह केवल हिंदुओं की भावनाओं को नहीं, बल्कि भारत की आत्मा को आहत करने की कोशिश है। ’’

भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और सिद्धांत हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाना और हिंदुओं के साथ बुरा व्यवहार करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ‘‘एक जहरीली मकड़ी की तरह है जो हिंदुओं के खिलाफ जाल बुन रही है।’’

भाटिया ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर सोनिया की चुप्पी पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप चुप रहेंगे तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि आपकी विचारधारा भी हिंदुओं के खिलाफ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता का यह कुकृत्य निंदनीय और भर्त्सनीय है। भारत में रहकर, इतना सम्मान मिलने के बाद भी कांग्रेस पार्टी ऐसा क्यों कर रही है, ये समझ से परे है। यह पंक्तियां और इतने कुत्सित विचार किसी एक कांग्रेसी नेता के नहीं, बल्कि ये आज कांग्रेस की विचारधारा बन गई है।’’

भाटिया ने खुर्शीद को कांग्रेस से हटाए जाने की मांग करते हुए कहा कि ‘‘इससे पहले, हिंदू आतंकवाद शब्द का आविष्कार उस समय हुआ जब कांग्रेस सत्ता में थी।’’

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक ट्वीट में पुस्तक के एक पैराग्राफ को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के सलमान खुर्शीद ने अपनी नयी पुस्तक मेंहिंदुत्व की तुलना बोको हराम और आईएसआईएस जैसे जिहादी इस्लामिक समूहों से की है। उस व्यक्ति से और क्या उम्मीद की जा सकती है जिसकी पार्टी ने अल्पसंख्यक मतों के लिए और इस्लामिक जिहादियों से तुलना करने के लिए भगवा आतंकवाद शब्द का इजाद किया।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री की पुस्तक का बुधवार को लोकार्पण हुआ था। गर्ग ने दिल्ली पुलिस के आयुक्त और उपायुक्त (उत्तर) के अलावा रूप नगर थाने के थानाध्यक्ष के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज की है।

इस बारे में जब एक पुलिस अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा, ‘‘हमें बृहस्पतिवार को एक शिकायत मिली है लेकिन अभी हम शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रहे हैं। फिर कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: खुर्शीद अपनी टिप्पणी पर कायम, बोले: हिंदुत्व का सनातन धर्म से कोई लेनादेना नहीं

प्रमुख खबरें

TCS के नतीजों से IT शेयरों में उछाल, निवेशकों की संपत्ति 65648 करोड़ रुपये बढ़ी

Navi Pillay को Nobel Peace Prize मिलने पर भारतीय कार्यकर्ताओं ने दी बधाई

Chirag Paswan ने साझा किया संघर्ष, पिता की पार्टी से बेदखल होने पर तरस खाने के बजाय चुनी लड़ाई

TVS Group में संपत्ति बंटवारे पर तकरार, TVS Holdings के स्वामित्व पर विवाद गहराया