वैज्ञानिकों की सराहना में एक शब्द नहीं बोलने को लेकर भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना
By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 16, 2021
नयी दिल्ली।
भाजपा नेताओं ने
कोविड-19 टीकाकरण के सरकार के प्रयासों पर
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष
राहुल गांधी के सवाल उठाने और टीकाकरण अभियान की शुरुआत के मौके पर वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना में एक भी शब्द नहीं बोलने को लेकर शनिवार को उनपर निशाना साधा। भाजपा नेता
अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी ने कोविड-19 टीकाकरण को लेकर सरकार के प्रयासों पर सवाल उठाए, लेकिन भारत में बने दो टीकों को मोदी प्रशासन द्वारा मंजूरी देने के बाद आज जब भारत ने सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत की तो उनका (राहुल का) एक भी ट्वीट नहीं आया। भारतीय वैज्ञानिकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना में एक शब्द तक नहीं?’’
मालवीय ने टीके को लेकर सरकार की आलोचना वाले राहुल गांधी के ट्वीट भी साझा किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कोविड-19 के खिलाफ भारत में विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत की और देश को आश्वस्त किया कि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने भारत में बने टीकों के प्रभावों से संतुष्ट होने के बाद ही इनके उपयोग की अनुमति दी है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अफवाहों और टीके के बारे में भ्रामक प्रचार से गुमराह न हों। अभियान की शुरुआत से पहले राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि यही टीके अब भारत को कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में ‘‘निर्णायक जीत’’ दिलाएंगे।