26/11 Terror Attacks: BJP ने Rahul Gandhi से पूछे तीन सवाल, वोट बैंक राजनीति का लगाया आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों को लेकर कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय ‘वोट बैंक की राजनीति’ को तरजीह दी। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने इस महानगर में निर्दोष नागरिकों पर सुनियोजित हमला किया था, जिसमें विदेशियों समेत 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह किसी भारतीय शहर में हुए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक था।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने पाकिस्तान पर हमला क्यों नहीं किया था ? भंडारी ने कहा, ‘‘राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों को लेकर तीन सवालों के जवाब देने चाहिए। पहला, कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर हमला क्यों नहीं किया?

दूसरा, मुंबई आतंकी हमले को ‘आरएसएस की साजिश’ बताकर कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट क्यों दी? तीसरा, 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के कुछ ही दिन बाद राहुल गांधी पार्टी क्यों कर रहे थे?’’ भंडारी ने अपनी पोस्ट में मीडिया की एक खबर को भी टैग किया, जिसमें कथित तौर पर इस दुखद घटना के तुरंत बाद राहुल गांधी के पार्टी करने का जिक्र किया गया था। भंडारी ने आरोप लगाया, ‘‘गांधी-वाद्रा परिवार की वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी।

उन्होंने देश की सुरक्षा के बजाय वोट बैंक को चुना।’’ भाजपा के कई नेताओं ने 2008 के आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को याद किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘आज मैं 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करता हूं।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं अपने पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, वीरता और अटूट समर्पण को नमन करता हूं, जिन्होंने आतंकवाद का पूरी दृढ़ता से मुकाबला किया। उनका साहस कर्तव्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है।

उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। भारत आतंकवाद के सभी रूपों को खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है।’’ विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, ‘‘26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करता हूं और सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को नमन करता हूं। हम आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से मुकाबला करने तथा इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हमारी आतंकवाद को बिल्कुल न बर्दाश्त करने की नीति है।’’ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा, ‘‘26/11 के मुंबई आतंकी हमले में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर जवानों और अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि और सादर नमन। उनका साहस और बलिदान देश के लोगों के दिलों में हमेशा अमर रहेगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’’

प्रमुख खबरें

Split Enda Hair Remedies: Split Ends से छुटकारा दिलाएंगे Curd और Aloe Vera जैसे असरदार घरेलू नुस्खे

Rishabh Pant ने New Zealand के Christchurch में खेला लोकल मैच 21 गेंदों में बनाए 54 रन

Congress पर बरसे UP Deputy CM Keshav Prasad Maurya, लगाया तुष्टीकरण का आरोप

Verghese Kurien Birth Anniversary: श्वेत क्रांति के जनक थे डॉ वर्गीज कुरियन, एक पहल से बदली थी भारत की तस्वीर