वर्ष 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा 27 से ज्यादा सीटे जीतेगी: मुख्यमंत्री सावंत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 10, 2025

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2027 में होने वाले 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा चुनाव में 27 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

बुधवार को राज्य की राजधानी पणजी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सावंत ने यह भी कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि भाजपा अगले आम चुनावों (2029 में) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सत्ता बरकरार रखेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के कारण अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पिछले साल 543 सदस्यीय लोकसभा के चुनाव में 293 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 240 सीटें मिली थीं।

वर्ष 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों में, भाजपा 20 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी और उसने तटीय राज्य में लगातार तीसरी बार अपनी सरकार बनाने के लिए क्षेत्रीय संगठन एमजीपी और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल किया।

सावंत ने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वर्ष 2027 में गोवा में हमारे पास 27 से अधिक विधानसभा सीटें हों। वरिष्ठ भाजपा नेता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, हमें मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे के विकास के मोर्चों पर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को उजागर करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से गोवा में 27 से अधिक सीटें जीतेगी।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा गोवा अध्यक्ष दामोदर नाइक ने कहा कि पार्टी विधायकों में अनुशासन लाने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया, ‘‘जब हमने वर्ष 2001 में सरकार बनाई थी तब पार्टी में अनुशासन था। अब लगातार तीन-चार चुनाव जीतने के बाद अनुशासन में थोड़ी कमी आ गई है।’’ नाइक ने कहा कि विधायकों को जनता की आवाज सुननी चाहिए।

प्रमुख खबरें

भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी, निफ्टी और सेंसेक्स मजबूत बंद

H-1B और H-4 वीज़ा पर अमेरिका सख्त, अब सोशल मीडिया की होगी जांच

Epstein case: अमेरिका में नई फाइलें जारी, रेडैक्शन और गायब दस्तावेज़ों पर विवाद

New Zealand में सिख नगर कीर्तन रोका गया, दक्षिणपंथी विरोध से बढ़ी धार्मिक स्वतंत्रता की चिंता