किश्तवाड़ SPO मौत मामला: Tariq Hameed Karra के सेना पर बयान के विरोध में BJYM का प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की मौत के मामले में कथित तौर पर भारतीय सेना पर सवाल उठाने को लेकर सोमवार को जम्मू में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा से माफी मांगने की मांग की। कर्रा ने रविवार को यह दावा कर विवाद खड़ा कर दिया था कि अभियान से लौट रहे दोनों एसपीओ को सेना ने गलत पहचान के कारण गोली मार दी थी।

भाजयुमो की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष अरुण प्रभात के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस विरोधी नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं। उन्होंने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के खिलाफ नारेबाजी की तथा कर्रा का पुतला भी जलाया।

प्रदर्शनकारियों ने सेना पर आरोप लगाने के लिए कर्रा से माफी मांगने की मांग की। प्रभात ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस आतंकवादियों तथा पाकिस्तान के प्रति बार-बार नरमी दिखाती हैं, जबकि भारतीय सेना को निशाना बनाती हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, यह कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस का चरित्र है, जिन्होंने हमेशा आतंकवादियों के प्रति नरमी दिखाई है और यहां तक कि उनके लिए माफी भी मांगी है।

दोनों दल समय-समय पर आतंकवादियों और पाकिस्तान को बचाते रहे हैं, जबकि भारतीय सेना पर बार-बार सवाल उठाते हैं। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष की हालिया टिप्पणी का जिक्र करते हुए प्रभात ने कहा कि विपक्षी नेताओं के बयानों से केंद्रशासित प्रदेश के देशभक्त लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की प्रशंसा की थी और आज नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार में सहयोगी कांग्रेस के अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने भी भारतीय सेना पर सवाल उठाए हैं।

प्रभात ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कमतर दिखाने की कथित कोशिश से भाजपा और जम्मू-कश्मीर के देशभक्त लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा, कर्रा ने जिस तरह हमारे शहीदों के बलिदान को कमतर दिखाने और उनका अपमान करने की कोशिश की है, उसी के विरोध में हमें सड़कों पर उतरना पड़ा। भाजयुमो अध्यक्ष ने कर्रा से माफी की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इन टिप्पणियों की जिम्मेदारी से बच नहीं सकती और उसे जनता को जवाब देना होगा।

इस बीच, कर्रा ने कहा कि उन्होंने किश्तवाड़ में पार्टी के जिला अध्यक्ष से बात की थी और उन्हें बताया गया था कि दोनों एसपीओ शिकार के लिए गए थे। कर्रा के अनुसार, उनके पास बंदूकें थीं। उस इलाके में, वारवान और उसके आसपास सेना की दो चौकियां थीं।

जाते समय वे दोनों चौकियों से आसानी से चले गए। लेकिन लौटते समय सादे कपड़ों में होने के कारण सेना ने उन्हें आतंकवादी समझ लिया और उन पर गोली चला दी। दोनों एसपीओ बाबी चंद और रशपाल कुमार के शव 12 अक्टूबर को गोलियों से छलनी मिले थे।

वे एक दिन पहले किश्तवाड़ के ऊपरी इलाके में दच्छन-वारवान मार्ग से गुजरते समय लापता हो गए थे और उनके मोबाइल फोन बंद थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अब तक उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

प्रमुख खबरें

Menopause और Breast Cancer का क्या है संबंध, बढ़ती उम्र में क्यों बढ़ता है खतरा

बुरी तरह से जल उठा बांग्लादेश, होगा तख्तापलट? भारत में बैठे-बैठे शेख हसीना ने चला कौन सा दांव

Bihar Tourism का केंद्र बना Rohtas का Tutla Bhavani Waterfall, 200 मीटर से गिरता है पानी

Tripura Civic Polls: सुरक्षा के लिए मांगी गई CAPF की 25 कंपनियां