Tripura Civic Polls: सुरक्षा के लिए मांगी गई CAPF की 25 कंपनियां

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

त्रिपुरा राज्य निर्वाचन आयोग ने 27 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य सरकार से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। राज्य के अगरतला नगर निगम (एएमसी) सहित 16 शहरी स्थानीय निकायों के लिए 27 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को की जाएगी।

राज्य के 21 शहरी स्थानीय निकायों में से पांच पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, निकाय चुनावों से पहले सुरक्षा स्थिति का विस्तृत आकलन करने के बाद राज्य पुलिस अधिकारियों ने पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 25 कंपनियां मांगी हैं। इसके अनुसार, हमने यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाने के लिए राज्य सरकार को भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि आयोग केवल राज्य पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) पर निर्भर रहने के बजाय केंद्रीय बलों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना चाहता है। सेन ने बताया कि आयोग ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को मतदान का अवसर देने के लिए चुनाव ड्यूटी मतदान (ईडीवी) की व्यवस्था भी की है। इस सुविधा का लाभ प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, टीएसआर जवानों और चुनाव कार्य में लगाए गए विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों को मिलेगा।

चुनाव संबंधी कार्यों में तैनात कैमरापर्सन और वाहन चालक भी इस विशेष व्यवस्था के तहत मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए आयोग ने 18 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। सेन ने कहा कि निकाय चुनावों में वीवीपैट के बिना इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा, आगामी चुनावों में इस्तेमाल की जाने वाली ईवीएम वीवीपैट के अनुकूल नहीं हैं। ईवीएम की कमीशनिंग 18 से 20 नवंबर तक की जाएगी।

प्रमुख खबरें

Menopause और Breast Cancer का क्या है संबंध, बढ़ती उम्र में क्यों बढ़ता है खतरा

किश्तवाड़ SPO मौत मामला: Tariq Hameed Karra के सेना पर बयान के विरोध में BJYM का प्रदर्शन

बुरी तरह से जल उठा बांग्लादेश, होगा तख्तापलट? भारत में बैठे-बैठे शेख हसीना ने चला कौन सा दांव

Bihar Tourism का केंद्र बना Rohtas का Tutla Bhavani Waterfall, 200 मीटर से गिरता है पानी