Blue Energy Motors केंद्र की Parivartan योजना से जुड़ी, Delhi NCR में चलेंगे स्वच्छ वाणिज्यिक ट्रक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026

इलेक्ट्रिक और एलएनजी ट्रक बनाने वाली कंपनी ब्लू एनर्जी मोटर्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह दिल्ली-एनसीआर के लिए केंद्र सरकार की ‘परिवर्तन’ योजना से जुड़ गई है। इस योजना का उद्देश्य लक्षित प्रोत्साहन और समन्वित क्रियान्वयन के जरिये पुराने वाणिज्यिक वाहनों की जगह कम प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को बढ़ावा देना है। कंपनी ने कहा कि उसने वाणिज्यिक वाहनों के आधुनिकीकरण की इस पहल के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) के साथ शुरुआती समझौता किया है।

इस योजना के तहत अधिक प्रदूषण फैलाने वाले पुराने ट्रक और बस की जगह स्वच्छ वाहन लाने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परिवहन से होने वाले प्रदूषण को कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी। ब्लू एनर्जी मोटर्स के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध भुवालका ने कहा, ‘‘इस योजना में हमारी भागीदारी हरित परिवहन को बढ़ावा देने और भारी इलेक्ट्रिक ट्रक का उपयोग व्यापक बनाने के सरकार के दृष्टिकोण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हमारा मानना है कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और मजबूत घरेलू विनिर्माण व्यवस्था के साथ उचित नीतिगत समर्थन भारत में माल ढुलाई को शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली परिवहन व्यवस्था में बदलने की प्रक्रिया तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।’’ कंपनी इलेक्ट्रिक और एलएनजी से चलने वाले भारी ट्रक के जरिये हरित माल ढुलाई को बढ़ावा दे रही है। कंपनी के अनुसार, उसके 1,400 से अधिक पर्यावरण अनुकूल भारी ट्रक का परिचालन देश के प्रमुख माल ढुलाई मार्गों पर हो रहा है।

प्रमुख खबरें

Cricket Australia ने Megan Schutt पर लगाया 2 मैच का बैन, T20 और WBBL से रहेंगी बाहर

Adani Group ने Vizhinjam Port की हिस्सेदारी बिक्री के लिए सरकार से मांगी अनुमति: केरल विधानसभा में जानकारी

दुनिया के सबसे खतरनाक शख्स का मोदी पर बड़ा खुलासा, दंग रह गया भारत!

ताइवान ने बीच समुंदर चीन को खदेड़ा, जबरदस्त टक्कर के बाद ऐसा है माहौल!