बृजेश पाठक ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पसमांदा मुसलमानों के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 13, 2022

रामपुर सदर विधानसभा सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को कहा कि नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार जहां अपनी योजनाओं के माध्यम से पसमांदा मुसलमानों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है, वहीं अन्य राजनीतिक दलों ने समुदाय का इस्तेमाल सिर्फ वोट के लिए किया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की यह सीट समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद खाली हुई है।

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पसमांदा मुस्लिम समुदाय से जुड़े लाभार्थियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आजादी के बाद जो सम्मान आपको मिलना चाहिए था, वह सम्मान आपको नहीं मिल पाया। आप के सम्मान की किसी ने चिंता की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में जो दलित मुस्लिम हैं, पिछड़े हैं, वंचित हैं, उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाना होगा।’’ पाठक ने कहा कि मोदी जी ने फैसला किया है कि वह उनके (पसमांदा मुसलमानों) के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिये काम करेंगे।

सपा के दिग्गज नेता आजम खान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में सीतापुर जेल में रहते हुए रिकार्ड दसवीं बार रामपुर सीट से चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने रामपुर संसदीय सीट छोड़ दी थी, जो उन्होंने 2019 में जीती थी। पाठक ने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने आपके वोट हासिल करने के लिये हिंदुओं और मुसलमानों के बीच खाई पैदा की। मोदीजी और भाजपा का एक भी फैसला नहीं है, जिसमें पसमांदा समुदाय के भाइयों और बहनों को शामिल नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर योजना का लाभ आपको देने के लिये काम किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ दूसरी तरफ विपक्षी दल चाहे कांग्रेस पार्टी हो, समाजवादी पार्टी हो, या बहुजन समाज पार्टी हो सब हिंदू-मुस्लिम करके वोट हासिल करते रहे, लेकिन आपके हक के लिए कुछ नहीं किया।’’ पाठक ने आजम खान का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘बड़े मियां ने कहा कि आपने उनका हुक्का भरा है---आपने उन लोगों की सेवा की जिन्होंने आपका खून चूसा। मैं अपने कुरैशी, अंसारी, धोबी, चिड़िमार, मनिहार समुदाय के भाइयों से कहना चाहता हूं कि आप बड़े मियां से कह दें कि पसमांदा समाज के मुस्लिम भाई अब आपका हुक्का नहीं भरेंगे।’’

पसमांदा समुदाय में 41 जातियां आती हैं, जिनमें अंसारी, कुरैशी, मंसूरी, सलमानी आदि शामिल हैं और ये बूचड़खाने और बुनाई जैसे पेशे में लगे हैं। इन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक लिहाज से अति पिछड़ा समझा जाता है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने भाषण में आजम खान का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते कहा कि राजनीति में गर्व का कोई स्थान नहीं होता। अपनी ताकत का जिन्हें गुरूर है, उनकी स्थिति सबके सामने है।

प्रमुख खबरें

Delhi Rain से राजधानी के कई इलाके जलमग्न, सड़कों पर लगा जाम और गिरा तापमान

Allahabad High Court Hijab Verdict | हिजाब इस्लाम का अनिवार्य हिस्सा नहीं, स्कूल में स्कार्फ पहनने की याचिका खारिज, कोर्ट का बड़ा फैसला

Gurmeet Ram Rahim 21 दिन की Furlough पर रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया

Karnataka ने Amazon और Swiggy Instamart के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए, धतूरा बेचने पर रोक