By अभिनय आकाश | Mar 19, 2022
रूस यूक्रेन के बीच चल रही जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए जा रहे हमले के कारण उसके कई बड़े शहर तबाह हो चुके हैं। बेशक ये युद्ध यूक्रेन और रूस के बीच हो रहा हो लेकिन इस पर पूरी दुनिया की नजर इस पर टिकी है। रूस यूक्रेन की जंग के बीच एटमी युद्ध पर ब्रिटेन के सीक्रेट प्लान का खुलासा हुआ है। न्यूक्लियर वॉर की स्थिति के लिए ऑपरेशन पायथन एक्टिव कर दिया गया है। महारानी समेत रॉयल फैमिली को सेफ जगह पर ले जाने का प्लान भी बनाया गया है।
1950 के दशक में इसकी योजना बनी और 1968 में इसे फाइनल कर दिया गया। समय समय पर इसको अपडेट किया गया। अब पांच दशक बाद इस प्लान का खुलासा हुआ है। हमले के बीच सरकार कैसे ऑपरेट करेगी सीक्रेट दस्तावेज में इसकी एक एक डिटेल मौजूद है। हमले के दौरान सरकार कैसे चलती रहे इसके लिए डिटेल प्लान रेडी है। रॉयल फैमिली और सरकार से जुड़े अहम लोगों को फ्लोटिंग बंकर में रखा जाएगा। इसके साथ ही किसी विशेष जहाज को बंकर बनाकर स्कॉटलैंड के तटीय इलाकों में रखा जा सकता है। ये जहाज लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहेगा ताकी इसे ट्रेस नहीं किया जा सके। इसलिए इसे फ्लोटिंग बंकर कहा जाता है।