By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023
ब्रिटिश मंत्रिमंडल में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के सबसे प्रबल समर्थकों में से एक ग्रांट शाप्स को बृहस्पतिवार को ब्रिटेन का नया रक्षा मंत्री नामित किया गया। इसके साथ ही सुनक ने अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में मामूली फेरबदल किया। इससे पहले दिन में बेन वालेस ने औपचारिक रूप से रक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पिछले महीने ही इस्तीफा देने की अपनी योजना की घोषणा की थी। वह चार साल तक इस पद पर रहे और इस दौरान उन्होंने यूक्रेन में युद्ध के लिए सैन्य प्रतिक्रिया की कमान भी संभाली थी। पिछले साल कंजर्वेटिव पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री पद के लिए सुनक के अभियान के दौरान उनका समर्थन करने वाले शाप्स 2019 से मंत्रिमंडल के सदस्य हैं।
सुनक के एक अन्य सहयोगी और भारतीय मूल के कनिष्ठ मंत्री, क्लेयर कॉटिन्हो, ऊर्जा सुरक्षा और नेट ज़ीरो विभाग में शाप्स की जगह लेने की दौड़ में शामिल हैं। वालेस ने अपना त्यागपत्र देते हुए सुनक को भेजे गए पत्र में कहा, “मेरा सचमुच मानना है कि अगले दशक में दुनिया अधिक असुरक्षित और अधिक अस्थिर हो जाएगी।” उन्होंने इसमें कहा, “हम दोनों का यह मानना है कि अब निवेश करने का समय आ गया है। जब से मैं सेना में शामिल हुआ तब से मैंने खुद को अपने देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। हालांकि, इस समर्पण का मुझे और मेरे परिवार को खामियाजा भुगतना पड़ा है।