Karnataka में Shivakumar सरकार के 100 दिन बिना उपलब्धि के बीते: Vijayendra

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को “विज्ञापन वाली सरकार” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि शिवकुमार सरकार अपने शुरुआती 100 दिन में “कोई भी उपलब्धि” हासिल नहीं कर सकी। विजयेंद्र ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना लिया है।

विजयेंद्र ने एक सवाल के जवाब में कहा, “यह सरकार जल्द ही सत्ता से बाहर हो जाएगी। जनता ने पहले ही मन बना लिया है। यहां तक कि सत्ताधारी पार्टी के विधायक भी सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “इस भ्रष्ट और जन-विरोधी सरकार के खिलाफ हमारी लड़ाई शुरू हो गई है।

भाजपा चुनाव मैदान में अभूतपूर्व जीत हासिल करेगी। न तो डीके (शिवकुमार) और न ही बीके (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद) हमें जीतने से रोक सकते हैं। भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलेगा।” विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों के हित वाले कार्यक्रम शुरू करने में नाकाम रही है और उसने युवाओं की बेरोजगारी की समस्या पर भी ध्यान नहीं दिया है।

उन्होंने कहा, “इस सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं है। घर-घर में लोग खुद यह बात कह रहे हैं। यह कोई लोकप्रिय सरकार नहीं है; यह विज्ञापनों वाली सरकार है।” विजयेंद्र ने कहा कि सरकार इस गलतफहमी में है कि वह विज्ञापनों के जरिये जनता का समर्थन हासिल कर सकती है।

उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में जनता खुद ही इन सब बातों का उचित जवाब देगी। लोग इस सरकार को सबक सिखाएंगे।

प्रमुख खबरें

Chhath Puja: Delhi में 1,400 से ज्यादा घाटों पर होगी व्यवस्था, विदेशी राजनयिक भी होंगे आमंत्रित

Himachal Pradesh के नाहन में दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद 29 अक्टूबर तक धारा 144 लागू

ICC ODI Rankings: शीर्ष स्थान से फिसलीं Smriti Mandhana, Laura Wolvaardt बनीं नंबर 1

Rajgir में India-New Zealand अंडर-20 Rugby Sevens शुरू, महिला टीम की जीत