Cambodia के राजा ने प्रधानमंत्री हुन सेन के बेटे को उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2023

नोम पेन्ह। कंबोडिया के राजा ने देश के प्रधानमंत्री हुन सेन के बेटे एवं सेना प्रमुख हुन मानेत को सोमवार को औपचारिक रूप से उनका उत्तराधिकारी नियुक्त कर दिया। लंबे समय से प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुन सेन की पार्टी ने पिछले महीने एकतरफा चुनाव में जीत हासिल की थी। हुन मानेत को अगला प्रधानमंत्री नियुक्त करने के शाही आदेश पर राजा नोरोडोम सिहामोनी ने हस्ताक्षर कर दिए और इसे सरकार के सोशल मीडिया खाते पर साझा किया गया। इस आदेश के अनुसार, 45 वर्षीय हुन मानेत आधिकारिक तौर पर भावी प्रधानमंत्री हैं और वह 22 अगस्त को पदभार ग्रहण करेंगे।

इसे भी पढ़ें: 40 देशों की जासूसी एजेंसी के प्रमुख की खुफिया बैठक में अजित डोभाल का साफ संदेश, यूक्रेन में शांति जरूरी है लेकिन रूस के बिना नहीं

हुन सेन पिछले 38 वर्ष से देश की कमान संभाल रहे हैं और उन्होंने चुनाव से पहले ही घोषणा की थी कि वे इस बार अपने बड़े बटे हुन मानेत को कमान सौंप देंगे। हुन मानेत ने जुलाई में हुए चुनाव में पहली बार संसदीय सीट पर जीत हासिल की। हुन मानेत (40) ने वेस्ट प्वाइंट स्थित ‘यूएस मिलिट्री अकेडमी’ से स्नातक, न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और ब्रिटेन की ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। शाही आदेश की घोषणा के बाद हुन सेन ने ‘टेलीग्राम’ और ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) सोशल मीडिया मंच पर बताया कि वह ‘‘अपने उत्तराधिकारी को नेतृत्व का मौका’’ देने के लिए पद छोड़ रहे हैं। हुन सेन (71) ने बताया कि उन्होंने 32 साल की आयु में कार्यभार संभाला था और वह उस समय दुनिया के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री पद छोड़ने के बाद कम से कम 2033 तक अन्य पदों पर सेवाएं देते रहेंगे, यानी उनकी करीब आधी सदी तक सरकार में कार्य करने की योजना है।

प्रमुख खबरें

CEC Gyanesh Kumar के इस्तीफे की मांग, Cockroach Janata Party ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

Imran Khan की पार्टी के मार्च से पहले Islamabad में दो महीने के लिए धारा 144 लागू

Asian Games Men Hockey: भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से रौंदा, सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की

Asian Games 2026 Hockey में Indian Men Team की लगातार तीसरी जीत, South Korea को दी मात