कनाडा जितने लोगों को संभव होगा शरण देगा : ट्रूडो

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 12, 2022

वॉरसॉ|  कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पोलैंड की यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को कहा कि यूक्रेन में युद्ध के कारण देश छोड़ रहे लोगों में से, जितनों को संभव होगा कनाडा शरण देगा।

रूसी सेना के 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला करने के बाद से करीब 15 लाख लोगों ने पोलैंड में शरण ली है। पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेजेज डूडा और प्रधानमंत्री माट्यूज़ जैकब मोराविएकी के साथ बातचीत के दौरान ट्रूडो ने शरणार्थियों को पनाह देने में पोलैंड को मदद की पेशकश की।

उन्होंने यूक्रेन का साथ देने और रूस पर कड़े प्रतिबंधों को जारी रखने के तरीकों पर भी चर्चा की। वॉरसॉ में ट्रूडो ने अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से भी मुलाकात की। ट्रूडो ने कहा कि उनकी सरकार शरणार्थियों को कनाडा में बहुत जल्द आने की अनुमति देने के लिए आव्रजन प्रक्रियाओं को तेज कर रही है, जहां यूक्रेनी मूल के कई लोग रहते हैं।

ट्रूडो ने डूडा के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ वे जब यहां आएंगे तो हम उन्हें पढ़ने, काम करने की अनुमति देंगे। कई लोगों को उम्मीद होगी कि संघर्ष खत्म होने के बाद वे यूक्रेन लौट पाएंगे, वहीं कई कनाडा जैसे देशों में ही आगे का जीवन बितना चाहेंगे और हम जितनों को संभव होगा शरण देंगे।

ट्रूडो ने कहा कि कनाडा, मानव त्रासदी के लिए जिम्मेदार रूसी नेताओं, विशेष रूप से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हेग में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के समक्ष लाने में सक्रिय रूप से मदद करेगा।

प्रमुख खबरें

World Cup के बाद Vinicius Jr. की बढ़ी डिमांड, Real Madrid के साथ नए Contract पर जल्द लग सकती है मुहर

महाराष्ट्र: शरद पवार को पछाड़कर देवेंद्र फडणवीस बने तीसरे सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री

खुद को PMO अधिकारी बताकर करोड़ों की ठगी करने वाले अखबार संपादक की जमानत याचिका दिल्ली कोर्ट ने की खारिज

सहमति से संबंध बनाने वाले किशोरों पर पॉक्सो कानून के दुरुपयोग को लेकर उच्चतम न्यायालय ने जताई चिंता