हर जगह नहीं लगा सकते हैं कोविड संबंधी पाबंदी, अर्थव्यवस्था हो सकती है प्रभावित: ममता बनर्जी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2021

कोलकात। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोना वायरस से संबंधित प्रतिबंध हर जगह नहीं लगाए जा सकते हैं क्योंकि ये अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं और महामारी शुरू होने के बाद से ऐसा देखा भी गया है। दक्षिण 24 परगना जिले में सागर द्वीप के भ्रमण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए बनर्जी ने कहा कि कोलकाता में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं, क्योंकि यह ट्रेनों व विमानों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए पारगमन स्थल है। सागर द्वीप में अगले महीने सालाना गंगा सागर मेला शुरू होना है। 

उन्होंने कहा, “हमें लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना है। हम जल्द ही फैसला लेंगे। हम उन जगहों को लक्षित करेंगे जहां मामले बढ़ रहे हैं। हम हर जगह प्रतिबंध नहीं लगा सकते हैं, क्योंकि इससे अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है जैसा पिछले दो वर्षों में हुआ है।” मुख्यमंत्री ने कहा, “ हम पहले स्थिति का आकलन कर लें। पिछले दो साल में कारोबार शून्य हो गया है। हम स्कूलों और कॉलेजों में स्थिति की समीक्षा करेंगे। हम यह भी आकलन करेंगे कि बच्चों में ओमीक्रोन फैल रहा है या नहीं। उसके बाद ही फैसला होगा।”

उन्होंने कहा कि बंगाल में पिछले छह महीने में कोविड-19 की स्थिति में सुधार हुआ है। बनर्जी ने कहा, “कोलकाता में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं, क्योंकि यह ट्रेनों व विमानों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए पारगमन स्थल है। मैं सभी से अनुरोध करूंगी कि वे कोविड दिशानिर्देशों का पालन करें और मास्क लगाएं।” यह पूछे जाने पर कि क्या राज्य सरकार गंगा सागर मेले में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल आने वाले श्रद्धालुओं पर कोई प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है तो मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समागम आम लोगों का है। 

इसे भी पढ़ें: 'मोदी मुक्त भारत' का सपना ख्याली पुलाव से कम नहीं, ममता को मजबूती के लिए कांग्रेस के साथ नहीं करनी चाहिए रस्सा-कशी

उन्होंने कहा, “ आप गंगासागर की चिंता मत करें। यह मेरा नहीं, बल्कि एक ऐसा उत्सव है, जिसमें देश भर के लोग शामिल होते हैं। मैं उत्तर प्रदेश या बिहार से आने वाले किसी व्यक्ति को कैसे रोक सकती हूं? मैं किसी को नहीं रोक सकती क्योंकि गंगा सागर देश में सबका है।” बनर्जी ने कहा, “ओमीक्रोन घातक नहीं है लेकिन तेजी से फैल रहा है। विधायक तापस रॉय, हाल में बॉबी (फिरहाद हाकीम) की बैठक में मौजूद थे। तापस अब कोविड से संक्रमित हैं। मुझे नहीं पता कि अब और कितने लोग प्रभावित होंगे।” बनर्जी धार्मिक समागम की तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर सागर द्वीप आई थीं जहां से आज वह हेलीकॉप्टर से कोलकाता के लिए रवाना हुईं।

प्रमुख खबरें

SpiceJet की घरेलू और International Flights लेट, Delhi Airport पर फंसे रहे 500+ यात्री

CM Bhagwant Mann ने पराली पर किसानों पर FIR का किया विरोध, Delhi Pollution के आरोपों पर उठाए सवाल

Etah में फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी चलाने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

Team India में अंदरूनी कलह! Rohit Sharma के समर्थन के बाद BCCI से क्यों खफा हुए Ajit Agarkar?