By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 06, 2025
मुंबई में बांद्रा वर्ली सी लिंक पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के कारण 30 वर्षीय कारोबारी और उसके दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कार चला रहा कारोबारी शराब के नशे में था। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 1:45 बजे हुई जब तीनों व्यक्ति बांद्रा वर्ली सी लिंक के रास्ते हाजी अली इलाके से घाटकोपर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि घाटकोपर का रहने वाला कारोबारी अपने 32 और 47 वर्षीय दोस्तों के साथ दक्षिण मुंबई के हाजी अली गया था।
अधिकारी ने बताया कि लौटते समय कारोबारी का वाहन पर से नियंत्रण खो गया जिसके परिणामस्वरूप उसकी तेज रफ्तार कार सी लिंक पर एक डिवाइडर से टकरा गई और कार सवार तीनों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद वर्ली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच के दौरान पता चला कि वे शराब के नशे में थे। उन्होंने बताया कि वर्ली पुलिस ने कारोबारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है।