मौजूदा चैंपियन Carlos Alcaraz कलाई की चोट के कारण फ्रेंच ओपन से हटे

By Kusum | Apr 25, 2026

 विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरी नहीं कर पाएंगे क्योंकि वह दाहिनी कलाई में चोट के कारण वर्ष की इस दूसरी ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता से हट गए हैं। अल्काराज़ ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया कि वह रोम में होने वाले इटालियन ओपन में भी भाग नहीं लेंगे, जहां उन्होंने पिछले साल जीत हासिल की थी।

अल्काराज़ ने कहा कि चिकित्सा परीक्षणों के बाद उन्होंने फ्रेंच ओपन से हटने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘‘आज किए गए परीक्षणों के परिणामों के बाद हमने फैसला किया है कि सबसे समझदारी भरा कदम सतर्क रहना तथा रोम (इटालियन ओपन) और रोलां गैरां (फ्रेंच ओपन) में भाग नहीं लेना है। यह मेरे लिए मुश्किल समय है लेकिन मुझे विश्वास है कि मैं और मजबूत होकर वापसी करूंगा।’’

अल्काराज़ ने इस साल के शुरू में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराकर सत्र की शानदार शुरुआत की थी। इसके साथ ही वह चारों ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीतने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन गए थे। उसके बाद से उन्होंने केवल एक ही खिताब जीता है। उन्होंने फरवरी में दोहा में जीत हासिल की थी। इस महीने की शुरुआत में उन्हें मोंटे कार्लो के फाइनल में यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत से सिनर फिर से विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बन गए थे। सिनर को उम्मीद है कि अल्काराज़ जल्द ही वापसी करेंगे।

उन्होंने मैड्रिड ओपन में पहले दौर की जीत के बाद कहा, ‘‘टेनिस को कार्लोस की जरूरत है। उनके होने से टेनिस का खेल और भी बेहतर हो जाता है। मुझे उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे। मुझे लगता है कि उनका अगला लक्ष्य विंबलडन (जून में) है, और मैं यही उम्मीद करता हूं। इसलिए मुझे उम्मीद है कि वह विंबलडन में वापसी करेंगे।’’ इटालियन ओपन पांच मई से और फ्रेंच ओपन 18 मई से शुरू होगा।

प्रमुख खबरें

Awami League से सुलह पर बांग्लादेश सरकार का रुख, जिम्मेदारी स्वीकारने की रखी शर्त

कूचबिहार में DRI ने पकड़ा 12.37 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना, 4 गिरफ्तार

Kiren Rijiju ने विपक्ष के विरोध मार्च को बताया नाटक, Rahul Gandhi को दी निस्वार्थ सेवा की सलाह

Gurugram में डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर 90 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाली युवती गिरफ्तार