अंकिता हत्याकांड में CBI जांच से सच सामने आएगा, CM Dhami का बड़ा बयान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन और न्याय मार्च निकाले जाने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच का कोई अता-पता न होने संबंधी आरोपों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्रीय एजेंसी जांच कर रही है और उससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में हत्याकांड को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया और कहा कि मामले में पहले दिन से कठोर कार्रवाई की गयी जिसके परिणामस्वरूप तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा हुई और उत्तराखंड उच्च न्यायालय से भी उनकी जमानत खारिज हुई। उन्होंने कहा, ‘‘ अंकिता के माता-पिता की मांग पर हमने प्रकरण की सीबीआई जांच की सिफारिश की।

तीनों को अदालत से उम्रकैद की सजा सुनाई गयी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चीला बैराज के पास गंगा भोगपुर तल्ला में एक मैदान में एकत्र हुए और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सभा को संबोधित करते हुए गोदियाल ने चार साल पहले हुए अंकिता हत्याकांड को याद करते हुए कहा कि मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर होने का प्रदेश की जनता चार साल से इंतजार कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल प्रदेशव्यापी आंदोलनों के दबाव में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश तो दिए, लेकिन एक साल बीत जाने पर भी उस जांच का कहीं अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार वीआईपी का खुलासा नहीं करेगी, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर इस पूरे प्रकरण के सभी दोषियों की पहचान कर उनकी पार्टी उन्हें सजा दिलाएगी। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित अन्य नेता शामिल रहे।

सभा के अंत में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल से वनंत्रा रिजॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला और उसके गेट पर अंकिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रमुख खबरें

Pakistan के Kohat में मस्जिद के पास भीषण फिदायीन हमला, 15 पुलिसकर्मियों सहित 21 लोगों की मौत

Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा गबन केस के 8 आरोपियों की Judicial Custody 21 सितंबर तक बढ़ी

Bahraich Crime: महिला डॉक्टर बनकर तस्वीरें लीं, 5.20 लाख वसूले, आरोपी गिरफ्तार

नंदीग्राम उपचुनाव में Congress प्रत्याशी Milan Pradhan की गिरफ्तारी पर भड़के Rahul Gandhi