West Bengal के संदेशखालि में सीबीआई ने जब्त किए हथियार,गोला बारूद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2024

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान उसने विदेश निर्मित पिस्तौल सहित हथियार और गोला बारूद बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह तलाशी अभियान तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे शाहजहां शेख के समर्थकों द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किए जाने की घटना से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर पांच जनवरी को संदेशखालि में उस समय हमला किया गया था जब वह कथित राशन घोटाले के सिलसिले में शेख के परिसर पर छापा मारने गई थी।

अधिकरियों ने बताया कि सीबीआई को अपनी जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि संदेशखालि में भारी मात्रा में हथियार छिपाए गए हैं इसके बाद शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम ने तलाशी अभियान प्रारंभ किया और उसे विदेश निर्मित पिस्तौल सहित हथियार बरामद हुए।

कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय एजेंसी ने पांच जनवरी की घटनाओं पर तीन प्राथमिकी दर्ज की थीं। ये प्राथमिकियां भीड़ द्वारा ईडी अधिकारियों पर कथित हमले, निलंबित टीएमसी नेता शेख के सुरक्षाकर्मी द्वारा ईडी अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों और ईडी अधिकारियों पर हमले के संबंध में नज़ात पुलिस थाने की ओर से स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किए गए मामले से संबंधित हैं।

शेख को फरवरी में पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लगभग 1,000 लोगों की भीड़ के हमले में ईडी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे इसके बाद एजेंसी के एक उप निदेशक ने बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक के समक्षशिकायत दर्ज कराई थी।

प्रमुख खबरें

Poland के Krakow में अंधाधुंध फायरिंग, 6 लोगों की मौत और 15 अन्य घायल

ISIS Module Case में Mumbai की विशेष अदालत ने डॉक्टर Adnan Ali Sarkar को सुनाई 6 साल की कैद

CEC ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र को कर रहे बर्बाद: KC Venugopal

Hyderabad में छात्र की आत्महत्या पर कॉलेज Principal और लेक्चरर गिरफ्तार