By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
मद्रास उच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को तमिलनाडु के अम्बासमुद्रम और पेरुंदुरै विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की शुक्रवार को अनुमति दे दी। मुख्य न्यायाधीश एस. ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की प्रथम पीठ ने अधिवक्ता के. वेंकटचलपति की याचिकाओं को आंशिक रूप से स्वीकार कर लिया जिसमें निर्वाचन आयोग को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया था कि चुनाव याचिकाओं के निपटारे तक पांच विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी न की जाए। ये पांच विधानसभा क्षेत्र तिरुचिरापल्ली पूर्व, विरालीमलाई, अम्बासमुद्रम, पेरुंदुरै और करूर हैं।
शेष तीन निर्वाचन क्षेत्रों--तिरुचिरापल्ली पूर्व, विरालिमलाई और करूर के संबंध में पीठ ने कहा कि चुनाव अदालत द्वारा संबंधित चुनाव याचिकाओं पर फैसला सुनाए जाने के बाद ही इन सीट पर उपचुनाव कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस वर्ष विधानसभा चुनाव में तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर दोनों सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया था और पेरम्बूर सीट अपने पास रखी थी।
अम्बासमुद्रम का प्रतिनिधित्व करने वाले ई. सुबैया और पेरुंदुरै का प्रतिनिधित्व करने वाले एस. जयकुमार ने कई दिन पहले अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) छोड़कर सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए थे। पूर्व मंत्रियों एवं अन्नाद्रमुक विधायकों --एम. आर. विजयभास्कर (करूर) और सी. विजयभास्कर (विरालिमलाई) ने भी विधायक पद से इस्तीफा देकर टीवीके का दामन थाम लिया था। अपने आदेश में, पीठ ने कहा कि तिरुचिरापल्ली पूर्व, विरालिमलाई और करूर से उम्मीदवारों के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिकाओं में याचिकाकर्ताओं ने अपनी प्रार्थना के उत्तरार्ध में स्वयं को या किसी अन्य उम्मीदवार को विधिवत निर्वाचित घोषित किए जाने की मांग की है।
पीठ ने कहा कि संबंधित चुनाव याचिकाओं में ये प्रार्थनाएं अब भी अनिर्णीत हैं, इसलिए इन तीनों निर्वाचन क्षेत्रों के विजयी उम्मीदवारों के इस्तीफे से हुई रिक्तियां भरे जाने के लिए उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में निर्वाचन आयोग उनमें से किसी के लिए भी उपचुनाव अधिसूचित नहीं करेगा। अंबासमुद्रम निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में, पीठ ने कहा कि चुनाव याचिका एक मतदाता ने दायर की थी। अपनी प्रार्थना के उत्तरार्ध में, उन्होंने उपविजेता उम्मीदवार वी. पी. दुरई को विधिवत निर्वाचित घोषित करने की मांग की थी।
हालांकि, चुनाव अदालत ने निर्वाचित उम्मीदवार ईसाक्की सुब्बैया द्वारा इस प्रार्थना को निरस्त करने की मांग को लेकर दायर की गई याचिका को स्वीकार कर लिया था। पीठ ने कहा कि चूंकि चुनाव याचिका में दुरई को विधिवत निर्वाचित घोषित करने की मांग करने वाला कोई भी दावा लंबित नहीं था, इसलिए निर्वाचन आयोग इस सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ सकता है। विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन को कोलातूर सीट से हराने वाले टीवीके के वी. एस. बाबू का हाल में निधन हो गया था और कुछ दिन पहले उस निर्वाचन क्षेत्र को रिक्त घोषित किया गया था।
इस प्रकार, वर्तमान में तमिलनाडु में कुल छह विधानसभा सीट रिक्त हैं।