By एकता | Nov 11, 2026
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला कर दिया। बाइक पर सवार अज्ञात हमलावरों ने अखरान कैंप के पास नाका ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस कायराना हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों को तुरंत नजदीकी अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह घटना दोपहर करीब सवा दो बजे की है। हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलावरों ने महज 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाईं।
फुटेज में दिखता है कि चेकपॉइंट पर जवान तैनात थे और सामान्य तरीके से ड्यूटी कर रहे थे। तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार शुरू हो जाती है। वीडियो में एक जवान चिल्लाते हुए कहता है, "इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है।" इसके बाद हमलावर लगातार फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो जाते हैं।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और कॉन्स्टेबल राकेश दास के रूप में हुई है। ये तीनों जवान सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन से जुड़े हैं। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है और उन्हें जरूरी मेडिकल मदद दी जा रही है।
वारदात के तुरंत बाद हमलावर मौके से भाग निकले। हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कश्मीर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सुजीत कुमार खुद कुलगाम पहुंचे और सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस हमले के बाद एहतियात के तौर पर पूरे जम्मू शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।