कठिन परिस्थितियों से लड़ने वाले जांबाज योद्धा थे 'सीडीएस जनरल बिपिन रावत'

By दीपक कुमार त्यागी | Dec 10, 2021

आतंकियों को घर में घुसकर मारने वाली सर्जिकल स्ट्राइक के चाणक्य, माँ भारती के जांबाज वीर सपूत, अदम्य साहस की साक्षात प्रतिमूर्ति, देश पर अपना सर्वस्व कुर्बान करने के लिए हर वक्त तत्पर रहने वाले एक महान योद्धा और देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के पद को सुशोभित करने वाले वीर जनरल बिपिन रावत के असमय निधन ने प्रत्येक देशभक्त भारतीय को झकझोर कर रख दिया। देश के प्रथम सीडीएस की पत्नी व 11 अन्य सहयोगी स्टाफ की हेलीकॉप्टर क्रैश में मृत्यु की खबर आने से देश में शोक की लहर व्याप्त है। जनरल बिपिन रावत उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में 16 मार्च 1958 को सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार में लक्ष्मण सिंह रावत के घर पैदा हुए थे, उनका परिवार कई पीढ़ियों से सेना में शामिल होकर लगातार देश सेवा कर रहा था। जनरल बिपिन रावत, सेंट एडवर्ड स्कूल, शिमला और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकसला के एक बहुत ही होनहार छात्र थे। उनको दिसंबर 1978 को भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून से 11वें गोरखा राइफल्स की पांचवीं बटालियन में नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति के समय बड़े संयोग की बात यह रही की इस बटालियन में ही उनके पिता लक्ष्मण सिंह रावत ने अपनी सैन्य सेवाएं दी थी और बाद में वह सेना के लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनको बहादुरी पारिवारिक विरासत में मिली थी, जिस विरासत की रक्षा के लिए वह हर वक्त तत्पर रहते थे।

इसे भी पढ़ें: आखिरी सांस तक देश की सेवा में लगे रहे जांबाज जनरल बिपिन रावत

जिस तरह से देश ने 8 दिसंबर 2021 बुद्धवार को माँ भारती की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले इस बहादुर योद्धा को एक आकस्मिक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में खो दिया, वह देश के अपूरणीय क्षति है। दिलोदिमाग झकझोर देने वाली यह दर्दनाक दुर्घटना तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के कुन्नूर में बुधवार 8 दिसंबर 2021 को घटित हुई थी। सूत्रों के अनुसार देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत सुबह 9 बजे स्पेशल एयरक्राफ्ट से पत्नी मधुलिका रावत के साथ दिल्ली से तमिलनाडु के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उड़ान भरते हैं, सीडीएस रावत 11:35 बजे सुलूर में वायु सेना स्टेशन पर पहुंचते हैं, यहां से एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वेलिंगटन जाने के लिए सीडीएस बिपिन रावत व उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत कुल 14 लोग हेलिकॉप्टर में उड़ान भरते हैं, लेकिन अफसोस इसके कुछ ही देर बाद दोपहर 12:20 बजे तमिलनाडु के कुन्नूर में उनका हेलिकॉप्टर घने जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना स्थल से आबादी वाला इलाका करीब होने के चलते घटना स्थल पर कुछ ही देर में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, वहां उन्होंने टुकड़े-टुकड़े में बिखरे हेलीकॉप्टर को धूं-धूंकर के जलता हुए देखा, लोगों ने इस सैन्य हेलीकॉप्टर के जलते मलबे की आग बुझाने का कार्य तत्काल शुरू कर दिया, बाद में मौके पर पहुंचे प्रशासन के द्वारा घटनास्थल से तीन लोगों को रेस्क्यू करके अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर दो लोगों के जीवन बचाने में नाकाम रहे। हालांकि जांबाज योद्धा शौर्य चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पहले वेलिंगटन आर्मी हॉस्पिटल में उपचार किया गया, फिर उनको गुरुवार को बेहतर उपचार के लिए बेंगलुरु के सैन्य अस्पताल में सिफ्ट किया गया, जहां यह वीर योद्धा अस्पताल में जीवन की जंग लड़ रहा है, ईश्वर से प्रार्थना है कि वह जांबाज वरुण सिंह के प्राणों की रक्षा करें और उनको जल्द स्वस्थ करें। हालांकि बुद्धवार की शाम को ही प्रशासन ने घोषणा कर दी कि हेलीकॉप्टर में सवार 13 लोगों की दुर्घटना में मृत्यु हो गयी है, इस दुर्घटना में जांबाज सीडीएस बिपिन रावत व उनकी पत्नी मधुलिका रावत की भी मृत्यु हो गयी है। 

हालांकि इस घटना में क्रैश हुए रूस के हैलीकॉप्टर Mi-17V5 मॉडल को दुनिया में बेहद सुरक्षित माना जाता है, इसका पूरी दुनिया में बेहद कठिन परिस्थितियों में सैन्य व वीवीआईपी लोगों के आवागमन के लिए उपयोग होता है। सरकार ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करने के आदेश जारी कर दिये हैं, घटनास्थल पर प्रारंभिक जांचकर्ताओं हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स मिल गया है, सेना व वायुसेना के विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंच कर गहन जांच करके दुर्घटना का कारण जाने का प्रयास कर रहे हैं। देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री व छोटे-बड़े राजनेता से लेकर प्रत्येक देशभक्त भारतीय जनरल रावत व हादसे में मृत उनके सहयोगियों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मैं भी वीर योद्धा जनरल बिपिन रावत व अन्य सभी मां भारती के वीर सपूतों को कोटि-कोटि नमन करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।

- दीपक कुमार त्यागी

वरिष्ठ पत्रकार व राजनीतिक विश्लेषक

प्रमुख खबरें

Privacy पर छिड़ी बहस के बीच Meta का बड़ा एक्शन, AI Glasses में छेड़छाड़ पर बंद होगा Camera

Wimbledon में भारतीय टेनिस का नया सितारा, Arnav Paparkar 36 साल बाद Junior Quarter-Final में।

FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।