UP Assembly Election 2027: Chandrashekhar Azad बोले, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और BJP में होगी सीधी टक्कर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने रविवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच होगा। उन्होंने चुनावी मैदान में समाजवादी पार्टी (सपा) की मौजूदगी को खारिज किया। नगीना से सांसद आजाद ने पीटीआई-वीडियो को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘देखिए, मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और भाजपा के बीच ही रहेगा।’’ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने हाल ही में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलकर लड़ने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) के गठन की घोषणा की थी।

यह पूछे जाने पर कि उन्होंने चुनावी मुकाबले से समाजवादी पार्टी को बाहर क्यों कर दिया, आजाद ने कहा, ‘‘पहले उनके (कांग्रेस के साथ) गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाने दीजिए। जनता देख रही है कि वे किस तरह एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और हर सीट को लेकर लड़ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब आप आपस में ही लड़ने में व्यस्त हैं तो यह स्पष्ट हो जाता है कि आपकी किसी और को हिस्सेदारी देने की मंशा नहीं है।’’ नगीना से लोकसभा सदस्य आजाद ने कहा कि युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग चुनावी घोषणापत्र जारी किए जाएंगे, जबकि मुख्य घोषणापत्र अलग से जारी होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम समाज के हर वर्ग और तबके के हितों को ध्यान में रख रहे हैं।

हमने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काम करने के लिए सर्वेक्षण दल तैनात किया है। हम बुनियादी मुद्दों की पहचान करेंगे और उन्हें अपने घोषणापत्र में शामिल करेंगे।’’ असदुद्दीन ओवैसी को गठबंधन सहयोगी बनाने के फैसले के बारे में पूछे जाने पर आजाद ने कहा, ‘‘राजग के साथ गठबंधन का तो सवाल ही नहीं उठता और विपक्षी दल भी हमें साथ नहीं लेना चाहते। हमने प्रयास जरूर किया था।

इतनी बड़ी रैली के बाद भी हमने कहा था कि हमारे विकल्प खुले हैं और सभी को एकजुट होकर मिलकर काम करना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, ऐसा लगता है कि उन्हें भाजपा को हराने में कोई दिलचस्पी नहीं है। आखिरकार, 2017 से 2022 के बीच वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने में नाकाम रहे। ऐसे में मेरा मानना है कि केवल सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ही इस चुनौती का सामना करने में सक्षम है।’’ आजाद ने कहा कि उनका नारा है, ‘वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा।’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम अपने वोट से दूसरों को मजबूत कर सकते हैं तो निश्चित रूप से खुद को भी मजबूत कर सकते हैं।’’ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती द्वारा उनकी आलोचना किए जाने का स्वागत करते हुए आजाद ने कहा, ‘‘कांशीराम कहा करते थे कि तीन बातें ध्यान में रखनी चाहिए- आलोचना होगी, आरोप लगेंगे और नुकसान भी होगा।

अगर आप इन तीनों का बोझ सह सकते हैं, तभी मिशन के लिए काम करने निकलना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि ‘मुर्दा’ (जिनमें जोश या संकल्प नहीं है) लोग किसी मिशन को आगे नहीं बढ़ा सकते, जबकि ‘जिंदा’ (जोश और प्रतिबद्धता से भरे) लोग यह सुनिश्चित करते हैं कि मिशन कभी न रुके। महाभारत का उदाहरण देते हुए आजाद ने कहा, ‘‘अर्जुन की तरह मेरा ध्यान केवल मछली की आंख पर है और वह उत्तर प्रदेश की सत्ता है। यह सत्ता हासिल करके हम उत्तर प्रदेश के युवाओं और किसानों की सेवा कर सकते हैं।’’ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान द्वारा उन्हें ‘वोट कटवा’ और भाजपा की ‘बी टीम’ कहे जाने पर आजाद ने कहा, ‘‘आपको सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ वैसे ही लड़ना चाहिए, जैसे हम पिछले पांच वर्षों से लड़ रहे हैं।

उनकी पार्टी ने कोई संघर्ष नहीं किया, बल्कि हमने जनता से जुड़े मुद्दों पर लड़ाई लड़ी।’’ राज्य सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर निशाना साधते हुए आजाद ने सवाल किया कि भाजपा पिछले नौ साल नौ महीने के कामकाज के आधार पर 2027 का विधानसभा चुनाव क्यों नहीं लड़ रही है और मथुरा का मुद्दा क्यों उठा रही है। आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं को सशक्त बनाने और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि उन्हें दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े।

प्रमुख खबरें

RBI Repo Rate में 0.25 फीसदी बढ़ोतरी के आसार, MPC बैठक में महंगाई पर नजर

Winter Diet में बाजरा, रागी या ज्वार: ठंड में शरीर को गर्म रखने के लिए कौन सा अनाज सबसे बेहतर

एक Lok Sabha MP करता है 26 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व, US से 3.3 गुना ज्यादा

परिसीमन पर MK Stalin से बात करने Chennai पहुंचे Mallikarjun Kharge और राहुल गांधी