चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली ,पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शपथ दिलाई

By विजयेन्दर शर्मा | Sep 20, 2021

चंडीगढ़ । पंजाब के राज्यपाल और यू.टी., चण्डीगढ़ के प्रशासक   बनवारीलाल पुरोहित ने आज  चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के नये मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। इस मौके स. सुखजिन्दर रंधावा और श्री ओ.पी. सोनी ने मंत्री के तौर पर शपथ ली।

पदभार संभालने के बाद चन्नी ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान चन्नी चुनावी मोड में दिखे। उन्होंने पंजाब में किसानों के सभी बकाया बिल माफ करने का एलान किया है। चन्नी ने कहा कि अगर किसानों और खेती करने वालों को किसी तरह की आंच आई तो मैं अपनी गर्दन भी उनके आगे कर दूंगा। वहीं खुद को आम आदमी बताते हुए पंजाब आलाकमान का आभार जताया। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी का धन्यवाद किया।

चरणजीत सिंह चन्नी   ने  कहा कि जिसके घर में छत नहीं थी, आज वो सीएम बना। कांग्रेस ने एक गरीब को इतना बड़ा पद दिया है। राहुल गांधी गरीब लोगों के साथ खड़े हैं। मैं पंजाब के हर आम आदमी की तरफ से राहुल गांधी जी का और कांग्रेस का धन्यवाद करता हूं। खुद को सीएम बनाए जाने को उन्होंने चमकौर साहिब की धरती की कृपा बताया। उन्होंने कहा कि मैं गरीबों को नुमाइंदा हूं। अब पंजाब के लोगों को आगे लेकर जाना है। कांग्रेस को मजबूत करना है। चन्नी ने कहा कि अगर किसानी टूटती है तो पंजाब टूट जाएगा। किसानी है तभी देश है। पंजाब सरकार हर तरीके से किसानों के साथ खड़ी है। हम किसानों के लिए सब कुछ देने को तैयार हैं। बिना किसी लालच के साथ हम किसानों के साथ खड़े हुए हैं। किसानी डूबी तो हिंदुस्तान डूबेगा। 

चन्नी ने मांग की कि तीनों कृषि कानून वापस लिए जाएं। उन्होंने साफ किया कि पंजाब में अगर कोई माफिया है तो उसका फैसला जल्दी हो जाएगा। उन्होंने साफ किया कि किसी भी गरीब का कनेक्शन इस लिए नहीं कटेगा कि वो बिल नहीं भरता है। अगर कटा है तो उसके सारे बिल माफ करके उसका कनेक्शन बहाल किया जाएगा। चन्नी ने कहा कि ये पंजाब के लोगों की सरकार है, आम आदमी की सरकार है। मुझे पंजाब के लोगों के लिए बहुत सारे फैसले लेने हैं।

पूर्व सीएम के बारे में चन्नी ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह बहुत अच्छे इंसान है। उन्हें पानी का रखवाला भी कहते है। जो मुद्दे रह गए हैं, उनका समाधान निकाला जाएगा और उन्हें पूरा किया जाएगा। किसी के साथ कुछ गलत नहीं होगा। सब कुछ संविधान के मुताबिक होगा। उन्होंने हड़ताल पर गए सरकारी कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की और कहा कि कर्मचारियों के सभी मसले हल होंगे। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। चन्नी ने कहा कि वे कट्टर कांग्रेसी परिवार से हैं। 

प्रमुख खबरें

Iran में युद्ध और दमन ने आम जनता का जीना दूभर किया, Nobel Laureate Narges Mohammadi का बयान

OpenAI और Google समेत दिग्गज टेक कंपनियों पर AI विकास की गति धीमी करने का मुकदमा

Caribbean Sea में संदिग्ध ड्रग बोट पर US Military का हमला, 4 लोगों की मौत

Ukraine के कब्जाए इलाकों में Russia ने कराया State Duma चुनाव, कीव ने बताया अवैध