By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा में नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अनुरोध किया है कि नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में कथित तौर पर विलय करने वाले 20 सांसदों को संसद के आगामी सत्र के दौरान मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाए, क्योंकि उनके खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है। बनर्जी ने 28 नवंबर को बिरला को लिखे पत्र में कहा, ‘‘संबंधित 20 सदस्यों को विशेष सत्र के दौरान मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि उनके खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है और इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।’’ बनर्जी ने कहा कि इन सांसदों को मतदान की अनुमति देने से लंबित कार्यवाही प्रभावित होगी। बनर्जी ने इन 20 सांसदों के लिए सदन में की गई अलग बैठने की व्यवस्था की भी तत्काल समीक्षा करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इन सांसदों ने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था। पत्र में उन्होंने कहा कि इन सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय का दावा किया है और इसके परिणामस्वरूप उन्हें सदन में बैठने के लिए अलग व्यवस्था दी गई है। बनर्जी ने कहा कि सभी 20 सांसदों के खिलाफ अयोग्यता संबंधी याचिकाएं 19 जून 2026 को दायर की गई थीं और वे अब भी लंबित हैं।
तृणमूल कांग्रेस नेता ने चिंता जताई कि अयोग्यता संबंधी याचिकाओं पर फैसला नहीं होने के कारण संविधान संशोधन विधेयक पर विचार के दौरान इन सांसदों के वोट भी गिने जा सकते हैं। इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, लोकसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर एआईटीसी की सदस्य संख्या अब भी सही रूप से 28 दिखाई गई है, जिसमें वे सदस्य भी शामिल हैं जिन्होंने कथित तौर पर एनसीपीआई में विलय किया है।’’ संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए बनर्जी ने तर्क दिया कि निर्वाचित सदस्य को उसी राजनीतिक दल का सदस्य माना जाता है, जिसने उसे उम्मीदवार बनाया था।
उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित 20 सदस्य एआईटीसी के टिकट पर निर्वाचित हुए थे और किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने का उनका बाद का दावा इसी संवैधानिक ढांचे के तहत विचारणीय है।’’ यह घटनाक्रम तृणमूल कांग्रेस द्वारा लोकसभा के अपने सभी सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किए जाने के एक दिन बाद सामने आया है। इसमें सांसदों से 30 नवंबर से चार दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने को कहा गया है। सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में तीन विधेयक पेश करने वाली है।
इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 शामिल हैं।