Surguja में 16 लोगों को मारने वाले हाथी को लगा Radio Collar, 6 दिन का अभियान पूरा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

छत्तीसगढ़ के तीन जिलों में 16 लोगों की जान लेने वाले उत्पाती हाथी ‘कबरा कान’ को बुधवार को सरगुजा के जंगल में बेहोश कर ‘रेडियो कॉलर’ लगाया गया। इसके साथ ही छह दिन तक चला अभियान समाप्त हो गया, जिसमें वन विभाग के 200 से अधिक कर्मियों और थर्मल ड्रोन की मदद ली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इस हाथी का नाम कबरा कान इसलिए पड़ा क्योंकि इसके कान पर अलग-अलग रंग के धब्बे हैं। पिछले छह-सात महीनों में इस हाथी ने सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 16 लोगों पर हमला कर उन्हें मार डाला था। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रणय मिश्रा ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अनुमति मिलने के बाद 13 नवंबर को इस हाथी को बेहोश करने का अभियान शुरू किया गया था।

उन्होंने बताया कि यह हाथी पिछले कुछ महीनों से अकेला घूम रहा था, लेकिन हाल ही में यह सरगुजा के उदयपुर इलाके में 17 हाथियों के एक झुंड में शामिल हो गया था। मिश्रा ने कहा, ‘‘हम इस झुंड पर नजर रखे हुए थे, लेकिन यह घने जंगल से होकर गुजर रहा था, जिससे हाथी को बेहोश करना मुश्किल हो रहा था। हम सही मौके का इंतजार कर रहे थे कि कब यह जंगल से बाहर आए।’’ इस अभियान के लिए तमोर पिंगला हाथी बचाव एवं पुनर्वास केंद्र से दो प्रशिक्षित हाथियों के साथ-साथ ट्रैकर और महावतों को भी तैनात किया गया था।

उन्होंने बताया कि झुंड और हाथी का पता लगाने के लिए थर्मल ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। मिश्रा ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन, झुंड रामगढ़ पहाड़ियों की ओर बढ़ गया। हालांकि, कबरा कान अपने समूह से अलग नहीं हुआ और ऐसा लगा कि वह पूरी तरह से उस झुंड का हिस्सा बन गया है।

बुधवार सुबह वन विभाग की टीम रामगढ़ पहाड़ियों के दुर्गम जंगली इलाके में तैनात हुईं। ये पहाड़ियां लगभग छह सौ मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं। वन कर्मियों ने कबरा कान को झुंड से अलग करने के लिए पटाखों का इस्तेमाल किया।

मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बेहोश करने वाले दल ने हाथी को बेहोशी का इंजेक्शन सफलतापूर्वक लगा दिया। बाद में उनकी देखरेख में हाथी के गले में एक हाई-फ्रीक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पूरी हुई जिसके बाद हाथी को होश में लाया गया और उसके प्राकृतिक रहवास में वापस छोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत में वन विभाग के लगभग 150 कर्मचारी शामिल थे, जबकि बुधवार के अभियान में 100 से अधिक कर्मचारी लगे हुए थे। इसमें तमोर पिंगला और रामकोला बचाव केंद्रों के ट्रैकर्स, महावतों और बेहोश करने वाले विशेषज्ञों ने भी अहम भूमिका निभाई। मिश्रा ने कहा कि वन विभाग रेडियो-कॉलरिंग सिस्टम के जरिए हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर नजर रखेगा।

अगले तीन दिन तक उसके व्यवहार पर बारीकी से नजर रखी जाएगी, जिसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए आगे का कदम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘बेहोश करने और रेडियो कॉलर लगाने के बाद, हाथियों का आक्रामक व्यवहार आमतौर पर शांत हो जाता है। पिछले छह दिन से यह हाथी सामान्य व्यवहार कर रहा था और अपने झुंड के साथ ही चल रहा था।’’ मिश्रा ने कहा कि अगर हाथी को किसी बचाव केंद्र में ले जाने की जरूरत पड़ी, तो इसके लिए फिर से अनुमति ली जाएगी, हालांकि विभाग को उम्मीद है कि ऐसा करने की नौबत नहीं आएगी।

प्रमुख खबरें

Pakistan को हराकर भारत 10वीं बार बना SAFF Championship विजेता, Suhail Bhat चमके

Agra-Lucknow Expressway पर सर्दी में बदली स्पीड लिमिट, रात में 50 से 60 किमी तय

Shreyas Iyer की कप्तानी वाली Team India पर ICC का एक्शन, 5वें ODI में 35% मैच फीस कटी

बांग्लादेश में Chinmoy Krishna Das की सुरक्षा पर अधीर ने विदेश मंत्रालय से पूछा सवाल