चीन कोरोना वायरस मृतकों की याद में 4 अप्रैल को शोक दिवस मनाएगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 03, 2020

बीजिंग। चीन कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाले ‘‘व्हिसलब्लोअर’’ डॉक्टर ली समेत अन्य शहीदों तथा इस संक्रामक रोग से देश में 3,300 लोगों की मौत पर शनिवार को राष्ट्रीय शोक दिवस मनाएगा। आधिकारिक मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि इस दौरान देशभर तथा विदेशों में सभी चीनी दूतावासों तथा वाणिज्य दूतावासों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और देशभर में सार्वजनिक मनोविनोद की गतिविधियां स्थगित रहेगी। शनिवार को सुबह दस बजे देशभर में चीन के लोग मृतकों की याद में तीन मिनट का मौन रखेंगे।

इसे भी पढ़ें: अमेरिका को चिकित्सीय सहायता देने की पुतिन की अच्छी पेशकश, इसमें प्रोपेगेंडा नहीं: ट्रंप

चीन के मध्य हुबेई प्रांत में ‘‘व्हिसलब्लोअर’ डॉक्टर ली वेनलियांग समेत 14 कार्यकर्ताओं की पहचान कोविड-19 से लड़ाई में अपनी जान देने के लिए शहीदों के तौर पर की गई। शहीदों के पहले समूह में 12 डॉक्टर, एक पुलिस अधिकारी और सामुदायिक कार्यकर्ता शामिल है जिन्होंने अग्रणी मोर्चे पर इस संक्रामक रोग के खिलाफ लड़ाई लड़ी। ली वेनलियांग (34) उन आठ ‘व्हिसलब्लोअरों’ में से एक नेत्र विशेषज्ञ था जिसने चिकित्साकर्मियों को कोरोना वायरस के खिलाफ आगाह किया था लेकिन स्थानीय पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया था। उसकी कोविड-19 के संपर्क में आने के बाद सात फरवरी को मौत हो गई थी। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने कहा कि राष्ट्रीय शोक दिवस कोविड-19 से लड़ाई में अपनी जान देने वाले शहीदों और इस बीमारी से मारे गए लोगों के लिए देश के गहरे दुख को व्यक्त करने के लिए मनाया जाएगा। चीनी अधिकारियों ने पहले कहा था कि 3,000 से अधिक चिकित्साकर्मी इस बीमारी के संपर्क में आए थे। आधिकारिक खबरों के अनुसार, इस बीमारी से डॉक्टरों समेत 10 चिकित्साकर्मियों की मौत हो गई।

प्रमुख खबरें

अवैध प्रवासियों को कोई रियायत नहीं मिलेगी, Donald Trump ने अपनी निर्वासन नीति का किया बचाव

Texas के Big Bend में सीमा दीवार निर्माण को US Supreme Court की मंजूरी

NCW को सालाना मिलती हैं 1.5 लाख शिकायतें, घरेलू हिंसा के मामले सर्वाधिक: Vijaya Rahatkar

Govardhan Puja Vidhi: भगवान कृष्ण की आराधना का पर्व है Govardhan Puja, जानिए मुहूर्त, पूजन विधि और महत्व