By अभिनय आकाश | Oct 14, 2024
एलएसी के पास चीन की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। एलएसी पर चीनी सेना ने तैयारी बढ़ दी है। इंडिया टुडे द्वारा समीक्षा की गई हालिया सैटेलाइट इमेजरी से पैंगोंग त्सो झील के उत्तरी तट के पास एक बड़ी चीनी बस्ती के चल रहे निर्माण का पता चलता है। साल 2020 में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुए झड़प के स्थान से 38 किलोमीटर की दूरी पर चीन की ओर से इस निर्माण कार्य का खुलासा हुआ है। हालांकि यह भारत के क्षेत्रीय दावों के बाहर स्थित है। अमेरिका स्थित मैक्सार टेक्नोलॉजीज द्वारा 9 अक्टूबर को ली गई सैटेलाइट इमेज में लगभग 17 हेक्टेयर क्षेत्र में तेजी से किए जा रहे निर्माण कार्य को दर्शाया है। 4,347 मीटर की ऊंचाई पर येमागौ रोड के पास स्थित, यह स्थल निर्माण और मिट्टी हटाने वाली मशीनरी से भरा हुआ है। तक्षशिला संस्थान में भू-स्थानिक अनुसंधान कार्यक्रम के प्रोफेसर और प्रमुख वाई नित्यानंदम के अनुसार, आवासीय संरचनाओं और बड़े प्रशासनिक भवनों सहित 100 से अधिक इमारतों का निर्माण किया जा रहा है।
ठीक दो साल पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने चीनियों की धीमी प्रतिक्रिया का फायदा उठाते हुए एक आश्चर्यजनक ऑपरेशन को अंजाम दिया। जिसके परिणामस्वरूप कैलाश की टॉप पोस्ट पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया था। कई गतिरोध वाले स्थानों से आंशिक रूप से डिसइंगेजमेंट के बाद चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त कर उन कमियों पर काम करने में लगा है। अब चीन झील पर एक पुल का निर्माण कर रहा है. इसके साथ-साथ यहां इलेक्ट्रॉनिक बुनियादी ढांचा भी मजबूत कर रहा है।