By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023
चीनी सर्च इंजन और कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी बायडू ने चैटजीपीटी के समकक्ष अपने मॉडल को बृहस्पतिवार को जनता को पूर्ण रूप से उपलब्ध कराया। कंपनी के इस ऐलान से उसके शेयर की कीमत तीन फीसदी से अधिक बढ़ गईं। संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रतिद्वंद्विता के लिए बीजिंग कृत्रिम बुद्धिमत्ता को एक प्रमुख उद्योग के रूप में देखता है और 2030 तक इस क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने का लक्ष्य रखता है। अमेरिकी कंपनी ओपेन-एआई की ओर से चर्चित चैटजीपीटी की शुरुआत किये जाने के बाद चीन की प्रौद्योगिकी कंपनियां भी अपने-अपने एआई मॉडल को उद्घाटित करने की दौड़ में कूद पड़ी हैं जिसमें अल्गोरिद्म की मदद से नयी सामग्री तैयार की जा सकती है।
बायडू के सीईओ रॉबिन ली के मुताबिक, मॉडल को सार्वजनिक करके बायडू वास्तविक जगत में बड़े पैमाने पर लोगों की प्रतिक्रिया जानने में समक्ष होगा। यूरोप की तरह, चीन ने हाल के महीनों में जेनरेटिव एआई उद्योग को विनियमित करने के प्रयास किए हैं। अमेरिका में फिलहाल कोई विनियमन नहीं है। चीन ने 15 अगस्त को एआई नियम जारी किए थे, जिसमें कंपनियों को अपने उत्पाद को सार्वजनिक रूप से शुरू करने से पहले सुरक्षा समीक्षा और अनुमोदन प्राप्त करने की आवश्यकता होगी।