CM योगी ने कहा- जांच अभियान से संक्रमण के आंकड़े बढ़ेंगे मगर मौत के आंकड़े होंगे न्यूनतम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 01, 2020

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बृहस्पतिवार से राज्य में शुरू हो रहे कोविड-19 जांच अभियान से संक्रमण के मामलों के आंकड़े भले ही बढ़ेंगे लेकिन मौत के आंकड़े न्यूनतम स्तर पर पहुंचाने में कामयाबी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसे संचारी रोगों के लिये भी इंसेफेलाइटिस नियंत्रण जैसी ही मुहिम की जरूरत बतायी। योगी ने बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण दस्‍तक अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि बृहस्पतिवार से मेरठ मण्‍डल के छह जिलों मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में हमारा एक विशेष अभियान शुरू हो रहा है। बाकी 17 मण्‍डलों में यह पांच से 15 जुलाई के बीच चलाया जाएगा। इस अभियान में हम हर नागरिक की मेडिकल स्‍क्रीनिंग करेंगे। उन्होंने कहा, मेरा विश्‍वास है कि जब हम प्रदेश के हर नागरिक की स्‍क्रीनिंग कर लेंगे तो भले ही संक्रमण के मामलों की संख्‍या बढ़ेगी, लेकिन मौत के आंकड़े न्‍यूनतम स्‍तर पर पहुंचाने में हमें सफलता मिलेगी। 

इसे भी पढ़ें: योगी का आदेश, अक्टूबर से पहले ज्यादा से ज्यादा खनन पट्टों की निविदा जारी की जाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि यही स्थिति हमें डेंगू, मलेरिया, कालाजार और डायरिया समेत सभी संक्रामक रोगों के लिये बनानी पड़ेगी। यह काम एक अभियान के तहत करना होगा। इसके लिये प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज एक मुहिम शुरू की जा रही है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई न कोई जिला किसी न किसी संचारी रोग की कम या ज्‍यादा चपेट में रहता है। प्रदेश के 38 जिले तो ऐसे हैं जो इंसेफेलाइटिस से प्रभावित होते हैं। बहुत सारे जिले खासकर शहरी इलाकों में जरा सी असावधानी से डेंगू का खतरा बहुत बढ़ जाता है। उसी तरह बहुत से क्षेत्रों में मलेरिया, कालाजार और चिकनगुनिया भी देखने को मिलता है। इन सब पर प्रभावी नियंत्रण के लिये प्रदेश में अंतर्विभागीय समन्‍वय बनाया गया है और इस तालमेल के जरिये बीमारी पर काबू करने के लिये स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को नोडल महकमा बनाया गया है। इसमें नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्‍य विकास, महिला एवं बाल विकास, बेसिक शिक्षा, माध्‍यमिक शिक्षा, दिव्‍यांग जन कल्‍याण आदि विभाग मिलकर काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने कोरोना वायरस के खिलाफ बेहतर तरीके से लड़करराज्‍य में बेहतरीन स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा देने का प्रयास किया। उसने अंतर्विभागीय समन्‍वय के माध्‍यम से एक मिसाल कायम की है। कोरोना महामारी के इस दौर में भी प्रदेश के 24 करोड़ लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हम कोरोना से भी लड़ेंगे और हर तरह के संचारी रोग से भी प्रभावी तरीके से निपटेंगे।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2 अक्टूबर से दर्ज कीं 25 FIR, Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi पर केस

Starlink विवाद: Scindia का Rahul Gandhi पर तंज- Congress को नहीं पता किधर जाना है, Left या Right

नगांव Lok Sabha Bypoll: BJP के देवाशीष शर्मा AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 75,248 वोटों से आगे

Advocate General विवाद में बहिष्कार पर Meghalaya High Court सख्त, स्वतः संज्ञान लिया