Paradip तट के पास संकट में फंसे MV Vishva Uday के 27 क्रू मेंबर्स बचाए गए

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

ओडिशा तट के पास समुद्र में संकट में फंसे एक पोत के चालक दल के 27 सदस्यों को मंगलवार को पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण (पीपीए) और भारतीय तटरक्षक बल ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ‘‘शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया’’ (एससीआई) से आपात संदेश मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।

एससीआई ने सूचना दी थी कि पोत में पानी भर रहा है और उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, ‘एमवी विश्व उदय’ नामक पोत को सफलतापूर्वक खींचकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया और उसने मंगलवार सुबह बंदरगाह की बाहरी सीमा के पास लंगर डाल दिया। पीपीए ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एससीआई लिमिटेड से आपात अनुरोध मिलने के बाद पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण ने चालक दल के 27 सदस्यों वाले एमवी विश्व उदय के लिए समन्वित बचाव अभियान शुरू किया।

पोत ने पारादीप बंदरगाह से करीब 50 समुद्री मील दूर पानी भरने और प्रोपेलर शाफ्ट में खराबी आने की सूचना दी थी।’’ आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पोत पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक जा रहा था। इसी दौरान उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया, जिससे वह समुद्र के बीच फंस गया। सूत्रों के मुताबिक, पोत में पानी भरना शुरू हो गया था, जिससे उसके डूबने की आशंका पैदा हो गई थी।

हालांकि, समय रहते चलाए गए संयुक्त बचाव अभियान से चालक दल के सभी 27 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘‘पारादीप में तटरक्षक बल के जिला मुख्यालय के समन्वय से त्वरित खोज और बचाव अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आईसीजीएस अमूल्या और आईसीजीएस विजया को 15-16 नवंबर की दरमियानी रात को एमवी विश्व उदय की सहायता के लिए तैनात किया गया।

पोत ने पारादीप के पास क्षतिग्रस्त टेल शाफ्ट के कारण इंजन कक्ष में अत्यधिक पानी भरने की सूचना दी थी।’’ पोस्ट में कहा गया है, ‘‘प्रतिकूल समुद्री परिस्थितियों से जूझते हुए क्षति नियंत्रण में विशेषज्ञता रखने वाले एक दल ने संकटग्रस्त पोत पर पनडुब्बी पंप लगाए और पोत में पानी का प्रवेश सफलतापूर्वक रोक दिया।’’

प्रमुख खबरें

Kerala High Court ने दुष्कर्म पीड़िता 15 वर्षीय किशोरी को दी 27 हफ्ते के गर्भपात की मंजूरी

उत्तराखंड के Tehri और Rudraprayag में कई भीषण सड़क हादसे, 17 की मौत और 38 घायल

24 भारतीय थे सवार, तभी हुआ धमाका, होर्मुज में गैस टैंकर पर मिसाइल अटैक के बाद एक्शन में आया भारत

देशभर में 10,000 हेक्टेयर पर Green Ammonia के ट्रायल, Urea से ज्यादा असरदार