By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026
उत्तराखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए इन हादसों पर दुख जताया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने प्रशासन को घायलों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले में ही सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चार सड़क हादसे हुए जिनमें 13 व्यक्तियों की मृत्यु हुई। पुलिस ने बताया कि टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार नौ यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश—कीर्तिनगर मार्ग पर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य व्यक्तियों ने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दम तोड़ दिया। मृतकों में बस का चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल है।
टिहरी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी के रहने वाले विक्की (37) एवं रोहित कश्यप (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले राज रॉय, उत्तराखंड के टिहरी जिले के मैखंडी निवासी पुन्नू (55), चमोली जिले के गोपेश्वर निवासी सुशील प्रताप सिलोडी (55), मध्य प्रदेश के दीपक गुप्ता (55) एवं विकास गुप्ता के रूप में हुई है। केंद्र ने बताया कि हादसे के समय बस में 34 यात्री सवार थे और वह हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही थी। इसने बताया कि घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी है।
घायल यात्रियों में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोग शामिल हैं। घायलों में एक तीन वर्षीय बच्ची आयरा और उसकी मां नूरजहां (26)भी शामिल हैं जो गुवाहाटी की रहने वाली हैं। इस बीच, टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि घटनास्थल पर एक तीव्र मोड़ है।
उन्होंने कहा कि हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, दूसरा हादसा टिहरी जिले के पावकीदेवी क्षेत्र में सोमवार रात हुआ जब बांसकाटल के पास एक यूटिलिटी कैंपर अनियंत्रित होकर 60 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया जिससे उसमें सवार 50 वर्षीय वीर सिंह की मृत्यु हो गयी तथा सात अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के शिकार सभी व्यक्ति बांसकाटल के रहने वाले थे।
केंद्र ने बताया कि एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में हुआ जहां एक स्कूटर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उस पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गयी जिनकी पहचान टिहरी जिले के दोगी क्षेत्र के रहने वाले आशीष सिंह (25) और प्रेम सिंह (32) के रूप में हुई है। टिहरी जिले में चौथा हादसा सोमवार देर रात घनसाली क्षेत्र में चमियाला—बूढ़ाकेदार मार्ग पर भटेडी बैंड के पास हुआ जहां एक स्कूटर और ट्रक की आपसी भिडंत में स्कूटर सवार व्यक्ति सुरेंद्र सिंह (35) की मृत्यु हो गयी।
एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुआ जहां पोखरी से रांसी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचीं तथा रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
घायलों में से चार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ के रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव के सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ गांव के बलबीर सिंह (70) के रूप में हुई है। घायलों में कांथा गांव की पूजा देवी (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी वंशिका भी शामिल हैं।
हादसे के समय वाहन में 10 लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसों पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने एक शोक संदेश में संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।