By अंकित सिंह | Aug 04, 2025
एयर इंडिया ने सोमवार को कहा कि सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान में सवार दो यात्रियों को स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने विमान में कुछ छोटे कॉकरोच होने की शिकायत की थी। एयरलाइन ने एक बयान में यह जानकारी दी। यह घटना कथित तौर पर एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI180 में हुई, जो सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाती है। एयर इंडिया ने बताया कि विमान में सवार दो यात्रियों ने कॉकरोच होने की शिकायत की, जिसके बाद उनकी सीटें बदल दी गईं।
एयरलाइन ने कहा, "हमारे नियमित धूम्रशोधन प्रयासों के बावजूद, कभी-कभी ज़मीनी संचालन के दौरान कीड़े विमान में प्रवेश कर सकते हैं। एयर इंडिया इस घटना के स्रोत और कारण का पता लगाने और ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उपाय लागू करने हेतु एक व्यापक जाँच करेगी।" साथ ही, एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों को हुई किसी भी असुविधा के लिए क्षमा चाहती है। दूसरी ओर एयर इंडिया ने रविवार को तकनीकी खराबी के कारण सिंगापुर से चेन्नई जाने वाली अपनी उड़ान रद्द कर दी। उड़ान संख्या एआई349 को एयरबस ए321 से संचालित किया जाना था।