Coimbatore POCSO Court ने 10 साल की बच्ची की हत्या और दुष्कर्म में दो को दोषी माना

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

कोयंबटूर में सुलूर के पास 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और बाद में उसकी हत्या करने के सनसनीखेज मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने शुक्रवार को दो लोगों को दोषी करार दिया। अदालत ने सजा की अवधि पर फैसला सुनाने के लिए चार दिसंबर की तारीख तय की है। विशेष अदालत के न्यायाधीश हरिहरन ने अपने फैसले में कार्तिक और मोहनराज उर्फ मोहन को दोषी ठहराया।

पुलिस के अनुसार, सुलूर के पास कन्नमपलायम की रहने वाली 10 वर्षीय बच्ची 21 मई को अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। पुलिस ने बताया कि बच्ची के माता-पिता की शिकायत के बाद सुलूर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कन्नमपलायम तालाब के पास एक नारियल के बागान से उसका शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम जांच में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किए जाने और गला घोंटकर उसकी हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच में पता चला कि आरोपी कार्तिक पीड़िता का पड़ोसी था। उसने बच्ची को चॉकलेट दिलाने का लालच दिया और दोपहिया वाहन पर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मोहन ने इस अपराध में उसकी मदद की थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 21 दिनों के भीतर 819 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य शामिल थे। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने 250 पन्नों की लिखित दलीलें भी पेश कीं।

पुलिस के अनुसार, फैसले से पहले कोयंबटूर अदालत परिसर में कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई थी। इससे पहले, कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत परिसर ले जाए जाने के दौरान मोहन ने खुद को निर्दोष बताया। उसने संवाददाताओं से कहा, कार्तिक को पकड़वाने वाला मैं ही था।

मुझे उसका दोस्त मत कहिए, मुझे उसका दोस्त कहना गलत है। कार्तिक मेरे परिवार की महिलाओं के संपर्क में था। मैं न्याय के लिए लड़ रहा हूं।

पत्रकारों, आप लोगों को भी न्याय के लिए लड़ना चाहिए। पुलिस के अनुसार, मोहन ने अदालत में पिछली पेशी के दौरान भी इसी तरह के दावे किए थे।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने उठाई मांग, बिहार विधानसभा की कार्यवाही साल में कम से कम 190 दिन चले

IBM ने US में Consulting पदों के लिए H-1B Visa और Green Card स्पॉन्सरशिप रोकी

उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 10,000 रुपये हुआ, PG Doctors के लिए दो साल का सर्विस बॉन्ड लागू

SEBI ने विदेशी निवेशकों को Non-Agri Commodity Derivatives के भौतिक निपटान में दी छूट