Prashant Kishor ने उठाई मांग, बिहार विधानसभा की कार्यवाही साल में कम से कम 190 दिन चले

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को विधानसभा की बैठक साल में कम से कम 190 दिन आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विधायी कार्यवाही के दिनों में लगातार कमी आ रही है और सदन में सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। किशोर ने विधानसभा के आगामी सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद पत्रकारों से कहा कि बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा की बैठक 2010 से 2015 के बीच 189 दिन, 2015 से 2020 के बीच 154 दिन और पिछली विधानसभा के कार्यकाल में महज 146 दिन हुई। किशोर ने कहा, “विधायी कार्यवाही पर्याप्त दिनों तक होनी चाहिए। महज चार-पांच दिन का सत्र आयोजित करने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा।

सदन की बैठक साल में कम से कम 190 दिन होनी चाहिए, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए जा सकें।” उन्होंने कहा, “सदन में मंत्रियों और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन पूरे नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसी तरह, अगर विभागीय अधिकारी विधायकों के सवालों के गलत या भ्रामक जवाब देते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।” किशोर ने सुझाव दिया कि विधानसभा अध्यक्ष का कार्यालय पिछले 20 वर्षों के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से दिए गए जवाबों की समीक्षा करे और गलत जवाब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी ले। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सवाल दाखिल करने में कुछ विधायकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी उठाया।

किशोर ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण विधायकों को सदन में सवाल उठाने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, इसके लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित करने की जरूरत है।

प्रमुख खबरें

IBM ने US में Consulting पदों के लिए H-1B Visa और Green Card स्पॉन्सरशिप रोकी

Coimbatore POCSO Court ने 10 साल की बच्ची की हत्या और दुष्कर्म में दो को दोषी माना

उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 10,000 रुपये हुआ, PG Doctors के लिए दो साल का सर्विस बॉन्ड लागू

SEBI ने विदेशी निवेशकों को Non-Agri Commodity Derivatives के भौतिक निपटान में दी छूट