SEBI ने विदेशी निवेशकों को Non-Agri Commodity Derivatives के भौतिक निपटान में दी छूट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) को भौतिक निपटान वाले गैर-कृषि जिंस वायदा यानी डेरिवेटिव अनुबंधों में कारोबार की अनुमति दे दी। इस कदम का उद्देश्य जिंस डेरिवेटिव बाजार में संस्थागत भागीदारी बढ़ाना और नकदी बढ़ाना है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एक परिपत्र में कहा कि नया ढांचा एक जून, 2027 से लागू होगा।

इसके तहत एफपीआई को गैर-कृषि जिंस डेरिवेटिव के भौतिक निपटान वाले अनुबंधों में कारोबार की अनुमति होगी। हालांकि, इस मंजूरी में वस्तुओं में विकल्प (ऑप्शंस) शामिल नहीं है और यह निर्धारित सुरक्षा उपायों के अधीन होगा। फिलहाल एफपीआई को मान्यता-प्राप्त शेयर बाजारों के जिंस डेरिवेटिव खंड में केवल नकद निपटान वाले गैर-कृषि जिंस डेरिवेटिव अनुबंधों और ऐसे जिंसों पर आधारित सूचकांकों में कारोबार की अनुमति है।

नए ढांचे के तहत एफपीआई निविदा या चरणबद्ध डिलिवरी अवधि शुरू होने तक ही भौतिक निपटान वाले अनुबंधों में अपनी पोजिशन रख सकेंगे। उन्हें डिलिवरी अवधि शुरू होने से पहले अपनी खुली पोजिशन बंद करनी होगी या उसे आगे बढ़ाना होगा। यदि कोई एफपीआई अपनी पोजिशन स्वेच्छा से बंद नहीं करता या आगे नहीं बढ़ाता है, तो निविदा अवधि शुरू होने से एक दिन पहले बाजार बंद होने के समय बची उसकी पोजिशन स्वतः नामित ट्रेडिंग सदस्य या ट्रेडिंग-कम-क्लियरिंग सदस्य के खाते में स्थानांतरित हो जाएगी।

इसके बाद संबंधित अनुबंध में एफपीआई का कोई अधिकार या दायित्व नहीं रहेगा। सेबी ने यह भी कहा कि निविदा अवधि शुरू होने से तीन कारोबारी दिन पहले से क्लियरिंग सदस्य निकटवर्ती महीने के डिलिवरी योग्य वायदा अनुबंध में एफपीआई की खुली पोजिशन बढ़ाने वाले किसी कारोबार को स्वीकार या क्लियर नहीं करेंगे। नियामक ने एफपीआई के लिए क्लियरिंग सदस्य और ट्रेडिंग सदस्य के साथ त्रिपक्षीय समझौता या ट्रेडिंग-कम-क्लियरिंग सदस्य के साथ द्विपक्षीय समझौता करना अनिवार्य किया है।

नामित सदस्य जोखिम प्रबंधन, कारोबार निष्पादन और अनुपालन संबंधी सेवाएं देगा।

प्रमुख खबरें

तिरुप्परनकुंद्रम दीपम मामले में Supreme Court के अंतरिम आदेश पर CPI(M) ने जताई आपत्ति

Women Reservation: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये विधेयक को दी मंजूरी

NCP SP परिसीमन का करेगी समर्थन, जितेंद्र आव्हाड बोले- शरद पवार का फैसला अंतिम

Calcutta High Court ने रद्द की बागी MLA ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष पद पर नियुक्ति