By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 17, 2022
बीजिंग। चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा है कि पिछले एक दशक में उसने भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर अपने करीब 50 लाख सदस्यों की जांच की है और 553 लोगों के खिलाफ औपचारिक रूप से आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या इससे व्यापक आर्थिक मंदी पर काबू पाया जा सकेगा या मौजूदा व्यवस्था में लोगों का विश्वास बहाल होगा। पार्टी के 9.6 करोड़ सदस्य हैं और किसी प्रकार के भ्रष्टाचार में लिप्त होने या अपने अधिकार का दुरुपयोग करने पर कड़ी सजा की चेतावनी एवं आंतरिक प्रणाली के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है। पार्टी की अनुशासन एवं निरीक्षण समिति के उप सचिव जिओ पेई ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि शी चिनफिंग के सत्ता संभालने के बाद 10 साल में कुल 2,07,000 पार्टी पदाधिकारियों को किसी न किसी तरह की सजा दी गई है। वह प्रत्येक पांच साल में आयोजित होने वाली पार्टी राष्ट्रीय कांग्रेस के मौके पर बोल रहे थे।