आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देगी कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 19, 2021

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की कठिन चुनौती का सामना कर रही कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में पूरी तरह से सत्ता में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर समाज में बदलाव चाहती हैं तो वह राजनीति में आएं और कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।

इसे भी पढ़ें: अजय देवगन की फिल्म “थैंक गॉड” में पेश होगा श्रीलंकाई गाने का हिंदी संस्करण

उप्र के आगामी विधानसभा में कांग्रेस का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा इस सवाल पर उन्होंने कहा, “अभी इस पर विचार नहीं किया गया है।” महिलाओं को बड़े पैमाने पर टिकट देने का निर्णय क्यों लिया गया है, इस पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्होंने राज्य में कई महिलाओं और लड़कियों का नाम लिया और कहा कि यह उनके लिए तथा उप्र की हर महिला के लिए है जो न्याय, परिवर्तन व एकता चाहती है और यह भी चाहती है कि उसका राज्य प्रगति करता रहे। उन्होंने कहा कि देश को समानता और भागीदारी के पथ पर आगे ले जाना है और जाति और धर्म की राजनीति से बाहर निकालना है तो महिलाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह खुद करना होगा। कांग्रेस महासचिव ने कहा, “यह निर्णय सभी की मंजूरी के साथ लिया गया है, मुख्य सोच यह है कि महिलाओं को जातियों और धर्मों में विभाजित किया जा रहा है और वे एकजुट होकर एक ताकत के रूप में उभरने में विफल हो रही है।” सत्ताधारी दल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “राजनीतिक दल सोचते हैं कि वे गैस का सिलेंडर और दो हजार रूपये देकर महिलाओं को खुश कर सकते हैं।”

यहां उनका इशारा केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना की ओर था। राजनीतिक दलों के परिवारों की महिलाओं को टिकट देने के एक सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि उन्हें यह नहीं लगता कि चुनाव में नेताओं के परिवारों की महिला सदस्यों को चुनाव में खड़ा करना महिलाओं की भागीदारी के नाम पर इतनी बुरी बात है। उन्होंने कहा, “यह सब इतना बुरा नहीं है, अगर किसी राजनीतिक नेता के परिवार की महिला को टिकट दिया जाता है, और वह चुनाव लड़कर सक्षम हो जाती है।” उन्होंने अमेठी के एक प्रधान का उदाहरण देते हुये कहा कि उसने अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारा और कुछ समय बाद अपनी पत्नी को नियंत्रित करने में मदद मांगने के लिए उनके पास आया, क्योंकि उसने अपने फैसले खुद लेना शुरू कर दिये थे। यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी को 2022 के चुनावों के लिए मजबूत महिला उम्मीदवार मिलेंगी, उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने से महिलाएं मजबूत होंगी और पार्टी उन्हें पूरा समर्थन देगी।

उन्होंने कहा कि यह फैसला उप्र में लिया गया है जहां वह पार्टी के मामलों को देख रही हैं। और यह अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण साबित हो सकता है जहां कांग्रेस की सरकार है और चुनाव जल्द ही होने वाले हैं। विपक्षी दलों द्वारा उन्हें ‘राजनीतिक पर्यटक’ बताए जाने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे (विपक्ष से) कहिए कि अब वह कुछ रचनात्मक और कुछ नया खोजें क्योंकि वे पिछले दो वर्षों से वही बातें कह रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह एक नई तरह की राजनीति करना चाहती हैं, उन लोगों के लिए लड़ना चाहती हैं, जो अपनी आवाज उठाने में सक्षम नहीं हैं।

प्रमुख खबरें

आम आदमी को लगेगा बड़ा झटका! Petrol-Diesel Price में ₹28 तक की बढ़ोतरी के बने आसार

Liverpool फैंस को मिली बड़ी राहत, Mohamed Salah की Injury पर आया अपडेट, जल्द लौटेंगे मैदान पर

Thomas Cup में भारत का धमाल, Chinese Taipei को 3-0 से रौंदकर Semi-Final में बनाई जगह।

India-Bangladesh रिश्तों में तल्खी! असम CM के बयान पर Dhaka ने जताई कड़ी आपत्ति, भेजा समन।