कांग्रेस ने योगी सरकार पर लगाया ओछी राजनीति का आरोप, बसें वापस भेजीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 20, 2020

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर प्रवासी श्रमिकों के लिए, उसके द्वारा मुहैया कराई गयी बसों को चलाने की अनुमति नहीं देने तथा ‘ओछी राजनीति’ करने का आरोप लगाया और फिर उप्र-राजस्थान सीमा पर खड़ी बसों को वापस भेज दिया। बसों को वापस भेजे जाने से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहाकि कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान, काम बंद हो जाने के कारण अपने अपने गृह राज्य लौट रहे प्रवासी श्रमिकों की मदद करने को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए और उत्तर प्रदेश सरकार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मुहैया कराई गयी बसें चलाने की अनुमति देना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, ‘‘ पिछले चार दिनों में हमने जो ओछी राजनीति देखी है उससे मन खट्टा हो गया है। क्या योगी आदित्यनाथ सरकार के लिए उनकी राजनीति ही सब कुछ है? क्या श्रमिकों का दर्द उन्हें दिखाई नहीं दे रहा है?’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों ने झूठ बोला। प्रदेश और केंद्र की सरकार ने मजदूरों से मुंह फेर लिया। इससे ज्यादा राष्ट्रविरोधी कुछ नहीं हो सकता।’’ सुप्रिया ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश प्रशासन ने खुद माना कि 879 बसें सही थीं। अगर ये बसें चलाई जातीं तो अब तक 92 हजार लोगों को उनके घर भेज दिया जाता। लेकिन योगी सरकार ने राजधर्म से मुंह मोड़ा है।’’

प्रमुख खबरें

MV Ocean Winner की तलाश के लिए Indian Navy ने बंगाल की खाड़ी में शुरू किया बड़ा अभियान

Real Estate कंपनियों की बिक्री 21% गिरी, Q1 में 40,000 करोड़ रुपये की बुकिंग

केमिकल उत्पादों के बजाय अपनाएं ये Natural Hair Mask, बालों को मिलेगा Deep Conditioning और मजबूती का नया आधार

Ranchi के Service Center में Electric Car में विस्फोट से लगी आग, 6 गाड़ियां खाक